एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भाजपा गुटनेता का नशे में हंगामा!
शहर के सुभाष स्कूल स्थित बूथ क्र. 80 पर हुए हंगामे से खलबली

कांग्रेस के बीएलए ने दर्ज कराई शिकायत
चांदूर रेलवे/दि.30 – मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान चांदूर रेलवे शहर के सुभाष स्कूल स्थित बूथ क्र. 80 पर विवाद उत्पन्न होने और निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया गया है. भाजपा नगर परिषद के गुटनेता नीलेश उर्फ पप्पू भालेराव द्वारा शराब के नशे में बूथ पर पहुंचकर बीएलओ तथा उपस्थित मतदाताओं के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने का दावा कांग्रेस के बीएलए की ओर से किया गया है. इस मामले में निर्वाचन निर्णय अधिकारी के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. कांग्रेस के प्रदेश महासचिव परीक्षित जगताप के नेतृत्व में कांग्रेस के बीएलए मोहम्मद अकबर अब्दुल अजीज सहित अन्य लोगों ने यह शिकायत दर्ज कराई.
28 सितंबर को एसआईआर नोटिस प्रक्रिया का काम शुरु रहने के दौरान नीलेश उर्फ पप्पू भालेराव बूथ पर पहुंचे. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि, उन्होंने बीएलओ द्वारा नागरिकों के दस्तावेज स्वीकार किए जाने पर आपत्ति जताते हुए कुछ दस्तावेजों को फर्जी बताते हुए बीएलओ से जवाब-तलब किया. दस्तावेज सही है या गलत इसकी जांच करने का अधिकार संबंधित निर्वाचन व्यवस्था को होने के बावजूद नगरसेवक द्वारा इस पर आपत्ति जताकर बीएलओ पर दबाव बनाने का आरोप शिकायतकर्ताओं ने लगाया है. साथ ही उपस्थित महिलाओं की मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने तथा उपस्थित नागरिकों को सबको देख लूंगा जैसी धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है. इस घटनाक्रम के कारण बूथ पर एसआईआर प्रक्रिया करीब एक घंटे तक प्रभावित होने का आरोप शिकायतकर्ताओं ने लगाया हैं. इसके बाद सत्यापन प्रक्रिया रोककर कर्मचारी वहां से चले गए. जिससे आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचे नागरिकों को बिना काम कराए वापस लौटना पडा, ऐसा शिकायत में उल्लेख किया गया है.
मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज स्वीकार्य हैं या नहीं, इसका निर्णय संबंधित निर्वाचन तंत्र द्वारा किया जाता है. ऐसे में बूथ पर ही दस्तावेजों पर आपत्ति लेकर हंगामा करने का अधिकार किसी को है या नहीं, यह सवाल परीक्षित जगताप ने उठाया है. इस पूरे घटनाक्रम का मोबाइल वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने का दावा भी उन्होंने किया है. संबंधित वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच करने की मांग की गई है. सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप की तत्काल जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कडी कार्रवाई की जाए तथा एसआईआर प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक सावधानी बरती जाए, ऐसी मांग शिकायतकर्ताओं ने निर्वाचन निर्णय अधिकारी से की है. शिकायत दर्ज कराते समय युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव परीक्षित जगताप, कांग्रेस नगर परिषद गुटनेता हाजी मोहम्मद अनीस सौदागर, पूर्व नगरसेवक सतपाल वरठे, शेख गफ्फार, हमिद कुरैशी, शेख तौफिक, शकील शाह, मोहसिन खान, शेेख जावेद, अशफाक शाह, इरफान कुरैशी, अकबर सौदागर, मोहम्मद सलीम, कुंदनसिंग राठोड, मोहम्मद वसीम, इमरान सौदागर, मोहम्मद शादाब, प्रदीप गवई, शेख साबीर, आसिफ खान, मोहम्मद दानिश, अरबाज खान, अब्दुल्ला कुरैशी सहित अनेक नागरिक उपस्थित थे.
* मैंने शराब नहीं पी थी, गलत मामला सामने आने पर पुलिस को बुलाया
इस बीच इन आरोपों पर भाजपा गुटनेता नीलेश उर्फ पप्पू भालेराव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, सुभाष स्कूल में एसआईआर नोटिस प्रक्रिया के दौरान टीसी नहीं होने अथवा अपूरे दस्तावेज वाले लोगों के फॉर्म स्वीकार किए जाने की जानकारी मिलने के बाद वे वहां गए थे. उन्होंने कहा, मैं भाजपा का गुटनेता होने के साथ ही पार्टी का बीएलए भी हूं. इसलिए मुझे वहां जाने का पूरा अधिकार था. गलत मामला सामने आने के कारण मैंने स्वयं पुलिस तथा अन्य नगरसेवकों को बुलाया. मैं शराब के नशे में था, यह आरोप पूरी तरह गलत है. यदि मेरी ओर से कुछ गलत हुआ था, तो उसी दिन मेरे खिलाफ शिकायत क्यों नहीं की गई? भालेराव ने लगाए गए आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि, उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया में किसी प्रकार की गलत बात होने पर संबंधित अधिकारियों और पुलिस को इसकी जानकारी दी थी.





