46 वर्षों में महिला अध्यक्ष नहीं दे सकी भाजपा
बीजेपी कर रही महिला आरक्षण देने का ढोंग

* कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार का हमला
* 2023 में पास आरक्षण बिल करें लागू, कांग्रेस समर्थन को तैयार
अमरावती/दि.23 – लोकसभा में पिछले सप्ताह महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर दो तिहाई बहुमत न जुटा पाने वाली भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व की नरेंद्र मोदी सरकार की महिला आरक्षण संबंधी नियत में खोट होने का आरोप कर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि, भाजपा सिर्फ ढोंग कर रही है. कांग्रेस ने 2023 में पारित महिला आरक्षण बिल तत्काल प्रभाव से लागू करने का अनुरोध किया था. जिसे बीजेपी सरकार ने ठुकरा दिया. वडेट्टीवार ने कहा कि, भाजपा गत 46 वर्षों में एक भी महिला को अध्यक्ष नहीं बना सकी. वह क्या महिलाओं को लोकसभा-विधानसभाओं में आरक्षण देगी. वडेट्टीवार आज दोपहर कांग्रेस भवन में पत्रकार परिषद को संबोधित कर रहे थे. इस समय पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख, यशोमति ठाकुर सहित सांसद बलवंत वानखडे, पूर्व विधायक वीरेंद्र जगताप, जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख, शहर अध्यक्ष बबलू शेखावत, महिला अध्यक्ष जयश्री वानखडे, भैया पवार, सुरेश रतावा, अनिकेत ढेंगले, मनोज भेले, नगरसेविका लुबना तनवीर, डॉ. अर्चना आत्राम और सभी महिला नगरसेविका व लीडर्स उपस्थित थे.
* कांग्रेस ने दिलाया महिलाओं को मान
वडेट्टीवार और कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि, स्थानीय निकायों में भी कांग्रेस के कारण ही महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिला है. कांग्रेस महिला आरक्षण की सदैव समर्थक रहने का दावा कर वडेट्टीवार ने कहा कि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भी आज तक कोई महिला प्रमुख नहीं बनी है. उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा को मनमाना परिसीमन करना था. ताकि वह चुनाव जीत सके. भाजपा सरकार के कार्यकलापों के कारण आज सरकार डगमगा चुकी है. आगामी चुनावों में भाजपा की पराजय निश्चित है.
* विधानसभा चुनाव के लाभ की मंशा से कवायद
वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि, पांच राज्य विधानसभाओं के चुनाव जारी है. ऐसे में केवल चुनावी लाभ के वास्ते बीजेपी ने अधबीच में संसद सत्र बुलाकर महिला आरक्षण के बहाने परिसीमन बिल लाया. उसे पारित कर संविधान संशोधन का प्रयास किया. जबकि महिलाओं को सर्वेक्षण देने का बिल 2023 में ही पारित हो चुका है. संसद की मौजूदा 543 सीटों में महिलाओं को 33 प्रतिशत सीटें देने पर कांग्रेस को कोई इतराज नहीं है, बल्कि कांग्रेस इसे तत्काल लागू करने की हिमायती है.
* 2023 के विधेयक की अधिसूचना नहीं
कांग्रेस के राज्य के बडे नेता वडेट्टीवार ने बार-बार बीजेपी और मोदी सरकार की मंशा पर सवाल उठाये. उन्होंने प्रश्न किया कि, 2023 के पारित बिल को क्रियान्वित क्यों नहीं किया जा रहा? उसकी अधिसूचना गत 17 अप्रैल से ठीक पहले कांग्रेस के सांसद मनीष तिवारी द्वारा इस ओर ध्यान दिलाने पर जारी होने की जानकारी भी इस समय डॉ. सुनील देशमुख ने दी. उन्होंने बताया कि, 2023 के पारित बिल पर राष्ट्रपति के आवश्यक हस्ताक्षर भी हो चुके है. किंतु भाजपा की महिलाओं को आरक्षण देने की, आगे लाने की नियत में ही खामी होने का आरोप कांग्रेस ने किया.
* राष्ट्रपति से छीने अधिकार
वडेट्टीवार ने दावा किया कि, परिसीमन आयोग के अध्यक्ष बनाने का निर्णय भी मोदी सरकार ने राष्ट्रपति से छीनकर अपने पास रख लिया. इसके पीछे सरकार की मनमानी करने की नीयत साफ दिखाई दे रही है. उन्होंने जानकारी दी कि, परिसीमन आयोग ने एक बार परिसीमन कर दिया, तो फिर उसे कोर्ट में भी ललकारा नहीं जा सकता. वडेट्टीवार ने उदाहरण के तौर पर असम के विधानसभा सीटों के परिसीमन का जीक्र किया. जहां मनमाना काम बीजेपी की हेमंत विश्व सरकार ने किया है.
* दक्षिण की सीटें घटेगी
पत्रकार परिषद में कांग्रेस नेता डॉ. सुनील देशमुख ने कहा कि, नई जनगणना के आधार पर परिसीमन किये जाने पर दक्षिणी राज्यों की कुल सीटें 191 तक घट जाएगी. जबकि उत्तर भारत की सीटें बढते हुए 372 हो जाएगी. जिससे देश पर उत्तर भारत का दबदबा बढ जाएगा. हालांकि डॉ. देशमुख ने कबूल किया कि, महाराष्ट्र की लोकसभा सीटें 48 से बढकर 72 हो सकती है.
* भाजपा सिर्फ ढोंग कर रही
कांग्रेस नेता यशोमति ठाकुर ने आरोप लगाया कि, बीजेपी केवल दिखावा कर रही है. बीजेपी में महिलाओं को कोई सम्मान नहीं है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी झूठ बोल रहे हैं. राज्य सरकार पत्रकार परिषद लेकर झूठ का बचाव कर रही हैं. कांग्रेस को महिला विरोधी बताया जा रहा है.
* राहुल गांधी ने संसद में कहा हम तैयार
सांसद बलवंत वानखडे ने बताया कि, 2023 के पारित बिल को लागू कर महिलाओं को मौजूदा स्थिति में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की तैयारी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सदन में बोलकर बतायी. दूसरे बडे विपक्षी नेता अखिलेश यादव ने भी सरकार से पिछले पारित विधेयक को आज ही लागू करने पर संपूर्ण समर्थन का वादा किया. किंतु सरकार तैयार नहीं हुई. उन्होंने भी मोदी शासन पर तोहमते लगाई.





