भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री गिरफ्तार
चंद्रपुर में उजागर हुए नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त मामले में

* राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप
चंद्रपुर/दि.2- चंद्रपुर शहर में सामने आए नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के सनसनीखेज मामले में रामनगर पुलिस ने भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री सायली येरणे और भाग्यश्री हांडे को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों को बुधवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में जोरदार चर्चा शुरू हो गई है.
पुलिस के अनुसार, मई 2026 में चंद्रपुर शहर में दो नवजात शिशुओं को पैसों के बदले बेचने का मामला उजागर हुआ था. जांच में सामने आया कि एक महिला ने आर्थिक लाभ के लिए अपने दो नवजात बच्चों की बिक्री कर दी थी. इतना ही नहीं, उसकी नाबालिग बेटी द्वारा जन्मे नवजात शिशु को भी बेचने की साजिश रची गई थी. हालांकि रामनगर पुलिस की सतर्कता से यह प्रयास विफल हो गया और पूरा रैकेट बेनकाब हो गया. इस मामले में पहले ही संबंधित महिला, बच्चों को खरीदने वाली दो महिलाओं तथा कथित मुख्य सूत्रधार अजय फुलझेले को गिरफ्तार किया जा चुका है. आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस जांच के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री सायली येरणे और भाग्यश्री हांडे की भूमिका संदिग्ध पाई गई. प्रारंभ में दोनों महिलाएं इस मामले में गवाह के रूप में सामने आई थीं, लेकिन आगे की जांच में उनके कथित संबंध और सहभागिता के संकेत मिलने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया. गौरतलब है कि दोनों महिलाएं स्थानीय स्तर पर भाजपा से जुड़ी सक्रिय पदाधिकारी मानी जाती हैं. सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और भाजपा नेताओं के साथ उनके स्वागत समारोहों की तस्वीरें भी अक्सर साझा की जाती रही हैं. ऐसे में उनकी गिरफ्तारी ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस शिशु बिक्री रैकेट से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है.





