गृह मंत्री अमित शाह से मिले बीजेपी विधायक राजेश वानखडे

राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज को भारतरत्न देने की मांग

* तिवसा में डेयरी, सैनिक स्कूल स्थापित करने का निवेदन
* बीडीएल मिसाइल कारखाना शुरु करने पर भी चर्चा
* सभी पर शिखर नेता अमितभाई ने दिखाया सकारात्मक रुख
अमरावती/दि.14 – देश की आजादी के 79 वें वर्धापन दिवस की पूर्व संध्या पर अपने अत्यंत बिझी शेड्यूल से समय निकालकर यशस्वी गृह मंत्री अमितभाई शाह ने आज दोपहर राजधानी दिल्ली में तिवसा के बीजेपी विधायक राजेश वानखडे से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच अच्छी-खासी भेंट हुई और विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई. राजेश वानखडे द्वारा दिए गए तिवसा के प्रकल्पों पर गृह और सहकारिता विभाग संभाल रहे बीजेपी के शिखर नेता अमित शाह ने सकारात्मक रुख दर्शाया.
विधायक राजेश वानखडे की दिल्ली जाकर गृह मंत्री से मुलाकात को लेकर अमरावती जिले के सियासी हलकों में व्यापक चर्चा हो रही है. तरह-तरह की अटकलें शुरु हो गई है. बहरहाल अमरावती मंडल ने विधायक राजेश वानखडे से बात की, तो उन्होंने बताया कि, देश के गृह मंत्री ने उनसे चर्चा के लिए पर्याप्त समय दिया और तिवसा विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण प्रकल्पो हेतु दिए गए निवेदन पर भी बडा पॉजिटिव रुख दर्शाया. उनकी अमितभाई शाह से उनके कार्यालय ‘कर्तव्य भवन’ में सदिच्छा भेंट हुई.                                               * राष्ट्रसंत को भारतरत्न, बीडीएल शुरु करने की मांग
विधायक राजेश वानखडे ने नांदगांव पेठ एमआईडीसी में 14 वर्ष पूर्व 500 एकड भूमि आवंटन और बीडीएल के मिसाइल कारखाने के भूमिपूजन का जिक्र किया और क्षेत्र में युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की दृष्टि से मिसाइल कारखाने को यथाासंभव शीघ्रता से शुरु करने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि, संभाग के पांच जिलों के युवाओं को इस मिसाइल कारखाने का रोजगार और उद्यम की दृष्टि से लाभ हो सकता है. इस विषय में व्यक्तिगत रुप से रुचि लेकर कार्य करने का अनुरोध विधायक वानखडे ने गृह मंत्री अमितभाई शाह से किया. उसी प्रकार राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज को भारतरत्न यह सर्वोच्च सम्मान दिए जाने की विनती की गई. इसका अलग से निवेदन देकर विधायक वानखडे ने गुरुदेव भक्त मुकुंद पुनसे, शफीक शाह, हिम्मतराव गाडगे, मनोहर साबले, रमेश बोके, जगन्नाथ साबले, जयकुमार बोके द्वारा किए गए अनशन का भी उल्लेख किया है. क्षेत्र के लोगों की तीव्र भावनाओं को देखते हुए राष्ट्रसंत का सम्मान बढाने और केंद्र सरकार द्वारा अधिकृत रुप से भारतरत्न का प्रस्ताव करने की विनती भी की गई.
* सैनिक स्कूल से सभी को लाभ और उपयोग
विधायक राजेश वानखडे ने पश्चिम विदर्भ के सभी पांच जिलों अमरावती, यवतमाल, अकोला, बुलढाणा, वाशिम में सैनिक स्कूल स्थापित किए जाने का अनुरोध कर इस क्षेत्र के ग्रामीण और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सैन्य शिक्षा एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध करवाने का अनुरोध भी देश के गृह मंत्री अमित शाह से किया.
* डेयरी प्रकल्प आवश्यक
विधायक राजेश वानखडे ने तिवसा परिसर में सहकारिता आधारित डेयरी परियोजना की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने इसके लिए मोदी सरकार में नंबर टू कहे जाते अमितभाई शाह से खास अनुरोध किया. वानखडे ने तिवसा क्षेत्र में केंद्र सरकार पुरस्कृत सहकारिता आधारित तहसीलस्तरिय कॉमन फैसीलिटी केंद्र जोडकर पायलट प्रोजेक्ट हेतु विनती की. उन्होंने कहा कि, कृषि विभाग के समन्वय दुधारु पशु उपलब्ध करने का प्रावधान पहले से ही है. यहां दूध उत्पादकों के साथ ही स्थानीय किसानों, ग्रामीण युवाओं को डेयरी प्रकल्प से प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध होंगे. संपूर्ण तिवसा का इको सिस्टम सुदृढ होगा. पथदर्शी अर्थात पायलट प्रोजेक्ट को प्राथमिकता से मंजूर करने का अनुरोध इस मुलाकात में राजेश वानखडे ने अमितभाई शाह से किया.
विधायक वानखडे की आज की देश के गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता से भेंट महत्वपूर्ण मानी जा रही है. उन्होंने अमरावती जिले के महत्वपूर्ण विकास प्रकल्पों पर निवेदन और चर्चा इस मुलाकात दौरान की है. फलस्वरुप सटीक मुद्दे उपस्थित किए जाने की भी चर्चा यहां प्रारंभ हो गई है. बता दें कि, लोकसभा इलेक्शन में गृह मंत्री अमित शाह ने अमरावती को तवज्जो दी थी. विदर्भ के दूसरे बडे शहर को लेकर बीजेपी सक्रिय है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का यह ननिहाल जिला है.

Back to top button