महाराष्ट्र के 5 अधिकारियों को राष्ट्रपति उत्कृष्ट सेवा पदक

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर घोषणा

मुंबई /दि.14- स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पुलिस, कारागार, अग्निशमन तथा होमगार्ड सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राष्ट्रपति पदक एवं गुणवत्तापूर्ण सेवा पदकों की घोषणा की है. इस वर्ष महाराष्ट्र के पांच अधिकारियों को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है.
गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार महाराष्ट्र पुलिस और कारागार विभाग के अधिकारियों को उनके दीर्घकालीन उत्कृष्ट कार्य, अनुकरणीय सेवा और प्रशासनिक योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाएगा. राष्ट्रपति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए महाराष्ट्र से चयनित अधिकारियों में अपर पुलिस महानिदेशक शिरीष रविंद्र जैन, उप पुलिस अधीक्षक सुभाष नानासाहेब भुजबल तथा सहायक पुलिस उपनिरीक्षक संजय राजाराम वायचळे शामिल हैं. वहीं कारागार विभाग से सुभेदार संजीव सखाराम घाणेकर और हवालदार संजय राजारामजी तळवारे को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है.
* 37 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी सम्मानित
गुणवत्तापूर्ण एवं सराहनीय सेवा के लिए महाराष्ट्र पुलिस विभाग के 37 अधिकारी और कर्मचारियों को भी पदक प्रदान किए जाएंगे. इनमें उप पुलिस महानिरीक्षक संजय बाजीराव जाधव, विजयकुमार गोपीनाथ मगर, पुलिस अधीक्षक दिगंबर पांडुरंग प्रधान, उप पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुलकर्णी, भागीरथ देशमुख, प्रवीण तेजले, मनोजकुमार यादव सहित कई पुलिस निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और हेड कॉन्स्टेबल शामिल हैं.
* अग्निशमन और होमगार्ड कर्मियों को भी सम्मान
अग्निशमन सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी शंकर उत्तम मिसाल तथा अग्निशामक शैलेश महादेव जगताप का चयन किया गया है. वहीं गृहरक्षक एवं नागरिक सुरक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पोपट रामजी सांगडे, अशोक नामदेव इंगळे और मनोज सदाशिव बारसागडे को सम्मानित किया जाएगा.
* कारागार विभाग के अधिकारियों का भी गौरव
कारागार सेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए अधीक्षक विकास हनुमंत राजनाळवार तथा हवालदार महेश लक्ष्मण गडनाईक को गुणवत्तापूर्ण सेवा पदक प्रदान किया जाएगा.
राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं की सूची घोषित की. राज्य के विभिन्न सुरक्षा एवं प्रशासनिक विभागों में कार्यरत अधिकारियों के लिए यह सम्मान गौरव का विषय माना जा रहा है.

Back to top button