वलगांव में ‘काला ऑयल गैंग’ की दहशत!
आधी रात को लाठी-डंडों के साथ सड़कों पर उतरे लोग

* पुलिस भी अलर्ट, दहशत में नागरिक बिता रहे रात
अमरावती/दि.28 – अमरावती जिले के वलगांव शहर में इन दिनों एक रहस्यमयी ‘काला ऑयल गैंग’ की चर्चा ने लोगों की नींद उड़ा दी है. पूरे शरीर पर काला ऑयल लगाए और केवल चड्डी पहने छह संदिग्ध लोगों के रात के अंधेरे में चोरी और लूटपाट की नीयत से घूमने की अफवाह फैलने के बाद सती नगर सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, वलगांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड वाली रात ही सती नगर में चोरी की घटना भी हुई थी. इसके बाद से क्षेत्र में लगातार यह चर्चा फैल रही है कि संदिग्ध 5 से 6 लोग रात के समय कॉलोनियों की रेकी कर रहे हैं. पिछले तीन-चार दिनों से भयभीत नागरिक रातभर लाठी-डंडे लेकर गलियों में पहरा दे रहे हैं. सोमवार रात भी अफवाह तेज होते ही सती नगर में बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए. सूचना मिलते ही वलगांव पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और नागरिकों के साथ पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया. हालांकि, पुलिस को कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला.
पुलिस ने अब तक इस तरह के किसी गिरोह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. इसके बावजूद क्षेत्र में फैली चर्चाओं के कारण लोगों में डर का माहौल बना हुआ है. लगातार हो रही बारिश के बीच भी सती नगर और आसपास के नागरिक पूरी रात जागकर अपने मोहल्लों की निगरानी कर रहे हैं. पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर विश्वास न करने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है. वहीं, क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है.





