सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में जल्द शुरू होगा ब्लड बैंक
11 साल का इंतजार खत्म होने की ओर

अमरावती /दि.17- सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में प्रस्तावित ब्लड बैंक का 11 वर्षों से लंबित सपना अब साकार होने की ओर बढ़ रहा है. अस्पताल के फेज़-2 भवन में स्वीकृत ब्लड बैंक का काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही यह मरीजों की सेवा में उपलब्ध होगा. इससे गंभीर मरीजों और बड़ी सर्जरी कराने वालों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
वर्तमान में जिले में केवल जिला सामान्य अस्पताल ब्लड बैंक का सरकारी ब्लड बैंक कार्यरत है. जिले के सरकारी अस्पतालों सहित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को भी रक्त की आपूर्ति इसी ब्लड बैंक से की जाती है. बढ़ती मांग के कारण इरविन ब्लड बैंक पर लगातार दबाव बढ़ रहा है. इसी समस्या को देखते हुए वर्ष 2015 में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में स्वतंत्र ब्लड बैंक को मंजूरी दी गई थी. राज्य रक्त संक्रमण परिषद ने इसके लिए अनुमति भी प्रदान की थी. ब्लड बैंक के लिए आवश्यक मानव संसाधन की स्वीकृति भी मिल चुकी थी, लेकिन जरूरी मशीनरी उपलब्ध नहीं होने के कारण यह परियोजना वर्षों तक शुरू नहीं हो सकी.
* अब मशीनरी मिलने से बढ़ी रफ्तार
हाल ही में आवश्यक उपकरण और मशीनरी उपलब्ध होने के बाद ब्लड बैंक शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी आई है. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी होते ही ब्लड बैंक शुरू कर दिया जाएगा. इसके चालू होने से अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा.
* बड़ी सर्जरी के लिए होगा लाभदायक
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में किडनी प्रत्यारोपण, हृदय शल्य चिकित्सा, प्लास्टिक सर्जरी, कैंसर उपचार, बाल रोग संबंधी जटिल सर्जरी तथा डायलिसिस जैसी विशेष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं. ऐसे मामलों में अक्सर रक्त की आवश्यकता पड़ती है. अमरावती संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मरीज यहां इलाज के लिए आते हैं, इसलिए अस्पताल में स्वतंत्र ब्लड बैंक की मांग लंबे समय से की जा रही थी.
* स्टाफ की कमी भी बनी चुनौती
ब्लड बैंक के लिए कुछ चिकित्सकीय और तकनीकी पद स्वीकृत किए गए हैं तथा कुछ कर्मचारियों की नियुक्ति भी की गई है. हालांकि अधिकारियों और तकनीकी कर्मियों की कमी के कारण परियोजना को पूरी तरह शुरू करने में देरी हुई. फिलहाल आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की उपलब्धता के बाद ब्लड बैंक को जल्द कार्यान्वित करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं. ब्लड बैंक शुरू होने के बाद इरविन ब्लड बैंक पर दबाव कम होगा और अमरावती सहित पूरे संभाग के मरीजों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी.