बंटी बबली ने की मालिक के घर चोरी
डीबी टीम ने रिकवर किया 12 लाख का माल

* ऑटो डीलर श्रवण गट्टाणी के घर विश्वासघात
अमरावती/दि.20 – शहर के प्रसिद्ध ऑटो डीलर श्रवण पवन गट्टाणी के केशव कालोनी विद्याभारती रोड स्थित निवास से आरोपी नौकर दम्पति द्वारा लाखों के जेवरात उडा देने की घटना मेें पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई कर न केवल आरोपियों को दबोच लिया, बल्कि 12 लाख 30 हजार का माल भी रिकवर किया. पकडे गये आरोपी प्रवीण पंजाब पवार और उसकी पत्नी पूनम पवार है. गाडगे नगर थाने की डीबी टीम ने बंटी बबली को पकडकर कैश और गहने बरामद किये.
श्रवण गट्टाणी ने गाडगे नगर थाने में शिकायत दी थी कि, उनके घर से 7 लाख कैश और सोने के आभूषण चोरी हुए है. उन्होंने आरोपी पवार दम्पति पर संदेह जताया था. जो कि, दर्यापुर के नांदरुन का रहने वाला है. प्रवीण पवार को हिरासत में लेकर पूछताछ करते ही आरोपी ने गुनाह कबूल किया और 7 लाख कैश में से खर्च के बाद बची 6 लाख 35 हजार और 36 ग्राम सोने का ब्रासलेट, 3 ग्राम की अंगूठी और दो हीरे मिलाकर 12.30 लाख का माल रिकवर किया. यह कार्रवाई डीबी पथक प्रमुख उपनि सागर ठाकरे, सहायक फौजदार प्रकाश मेश्राम, नीलेश जुनघरे, अमोल यादव, विनोद मालवे, आशीष ठाकरे, सिद्धार्थ श्रृंगारे, सचिन गौरखेडे, प्रणाली ढोले, सुनैना कांबले ने की. सीपी राकेश ओला और उच्चाधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ.





