व्यापारी और प्रशासन एक-दूसरे के पूरक
वरूड व्यापारी संघ के अध्यक्ष धर्मेश जोशी का कथन

* संवाद से वरुड का विकास होने का जताया आशावाद
* व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु समन्वय पर जोर
* वरुड व्यापारी संघ की नई कार्यकारिणी का पदग्रहण समारोह संपन्न
वरुड /दि.30– बदलते आर्थिक और प्रशासनिक परिवेश में व्यापारियों के समक्ष बढ़ती चुनौतियों के बीच वरुड व्यापारी संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्मेश जोशी ने स्पष्ट कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान टकराव नहीं, बल्कि प्रशासन के साथ सतत संवाद और समन्वय से ही संभव है. उन्होंने कहा कि व्यापारी और प्रशासन एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों के बेहतर तालमेल से ही वरुड के व्यापारिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिल सकती है. यह विचार उन्होंने 28 सितंबर को गोमती जिनिंग इंडस्ट्री में आयोजित वरुड व्यापारी संघ की नई कार्यकारिणी के पदग्रहण समारोह में व्यक्त किए. समारोह में व्यापारी, गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी तथा उनके परिवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
कार्यक्रम में धर्मेश जोशी ने नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए रमेश हुकुम को उपाध्यक्ष, प्रवीण ठाकुर को द्वितीय उपाध्यक्ष, राजीव गांधी को सचिव, राहुल पटेल को सह-सचिव, जगदीश उपाध्याय को कोषाध्यक्ष तथा यशपाल जैन को प्रसिद्धि प्रमुख नियुक्त किए जाने की जानकारी दी. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जीएसटी, यूपीआई, आयकर और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण छोटे व्यापारियों को अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों के पास विशेषज्ञों की सुविधा उपलब्ध होती है, लेकिन छोटे व्यापारियों के लिए नियमों को समझना और उनका पालन करना चुनौतीपूर्ण होता है. ऐसे में व्यापारी संघ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच की भूमिका निभाएगा.
* 27 वर्षों के सहयोगी का सम्मान
समारोह में धर्मेश जोशी ने पिछले 27 वर्षों से उनके साथ कार्यरत सहयोगी सुभाष ठाकरे का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापार की सफलता के पीछे कर्मचारियों और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान होता है तथा उनके समर्पण का सम्मान किया जाना चाहिए.
* गिरधरराव देशमुख को पत्रकारिता पुरस्कार पर सम्मान
कार्यक्रम में व्यापारी संघ के निवर्तमान अध्यक्ष गिरधरराव देशमुख का जन्मदिन मनाया गया. साथ ही उन्हें विदर्भ साहित्य संघ, नागपुर द्वारा प्रदान किए गए प्रतिष्ठित अनिल कुमार पत्रकारिता पुरस्कार के लिए सम्मानित किया गया. समारोह में नागपुर से आए सहायक आयुक्त (सेवानिवृत्त) प्रकाश त्रिवेदी तथा फायर निगेट सॉल्यूशन के रजत तालुकदार विशेष रूप से उपस्थित रहे. इस अवसर पर नीलकंठ यावलकर, श्याम बाबू खंडेलवाल, रितेश शाह, कन्नू भाई पटेल, दिनेश बाबू खंडेलवाल, वामन जोशी, वीरेंद्र देशमुख, जेठानंद भाषणी, कल्याण कोटेचा, रमेश यावले, नरेश घोड़सडे, पराग पनपालिया, कान्हा खंडेलवाल एवं शीतल पटेल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे. गणमान्य नागरिकों में डॉ. सागर पावडे, अमित जयसवाल, डॉ. राहुल भुतडा, डॉ. ओमप्रकाश मेघानी तथा आंचल यावलकर सहित व्यापारी संघ के सदस्य परिवार सहित समारोह में शामिल हुए.
कार्यक्रम का संचालन रितेश शाह ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन आंचल यावलकर ने किया. समारोह के अंत में उपस्थित व्यापारियों एवं उनके परिवारों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्मेश जोशी एवं उनकी कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम की सफलता में सहयोग करने वाले भूपेंद्र घोड़सडे, जयंत गाडगिल और अश्विन घोड़सडे का विशेष आभार व्यक्त किया गया.





