शैक्षणिक परिसरों को नशामुक्त और तंबाकूमुक्त बनाने अभियान

अमरावती ग्रामीण पुलिस का ‘ऑपरेशन कवच’

* 679 स्कूल-कॉलेजों का निरीक्षण, 679 जागरूकता बोर्ड लगाए
* कोटपा एक्ट के तहत 333 कार्रवाई
अमरावती/दि.17 – अमरावती ग्रामीण पुलिस ने जिले के स्कूलों और कॉलेजों को नशामुक्त एवं तंबाकूमुक्त बनाने के लिए ‘ऑपरेशन कवच’ अभियान शुरू किया है. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर जिले के सभी 31 पुलिस थानों की सीमा में आने वाले शैक्षणिक परिसरों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
अभियान के तहत स्कूल-कॉलेज परिसरों को ड्रग्स और तंबाकू से मुक्त रखने के साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है. इस अभियान के लिए जिले के सभी 31 पुलिस थानों ने अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षक, प्राध्यापक, प्राचार्य तथा प्रतिष्ठित नागरिकों को शामिल कर समितियां गठित की हैं. इन समितियों के माध्यम से बैठकें आयोजित कर अभियान के उद्देश्य और नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूकता फैलाई जा रही है. अभियान के दौरान जिले के 679 स्कूल एवं कॉलेजों का दौरा किया गया. विशेष पुलिस महानिरीक्षक के सुझाव के अनुसार सभी 679 शैक्षणिक संस्थानों के प्रवेश द्वार पर ‘स्कूल-कॉलेज परिसर ड्रग्स एवं तंबाकूमुक्त है’, ‘स्मोकिंग फ्री’ और ‘धूम्रपान निषिद्ध’ जैसे संदेश वाले जागरूकता बोर्ड लगाए गए हैं.
इसके अलावा स्थानीय प्रशासन की मदद से स्कूल-कॉलेज परिसरों के 100 गज के दायरे में लगाए गए 253 पोस्टर हटाए गए. वहीं, तंबाकू उत्पादों की बिक्री को लेकर कोटपा एक्ट के तहत 333 कार्रवाई की गई है. पुलिस द्वारा स्कूलों के आसपास स्थित किराना दुकानों पर लगातार जाकर दुकानदारों को तंबाकू उत्पाद, गुटखा और सिगरेट आदि नहीं बेचने की समझाइश भी दी जा रही है. पुलिस के अनुसार शैक्षणिक परिसरों को नशा एवं तंबाकूमुक्त रखने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
* पुलिस ने नागरिकों से की अपील
अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने जिले के नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि स्कूल-कॉलेज परिसर या उसके आसपास तंबाकू उत्पाद, गुटखा, सिगरेट अथवा नशीले पदार्थ बेचने वालों की जानकारी पुलिस को दें. ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर अमरावती ग्रामीण पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 8380048100 पर संपर्क करने की अपील की गई है. पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त जानकारी के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. अभिभावकों, शिक्षकों और नागरिकों के सहयोग से ही शैक्षणिक परिसरों को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जा सकता है.

Back to top button