गो-तस्करों का थरार!

’बजरंग दल’ के कार्यकर्ता की हत्या

* महागांव कडा बंद, भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात
यवतमाल/दि.25 – जिले में जानवरों का अवैध रूप से परिवहन करने वाले तस्करों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है. गजानन मारुति सुरोशे (30, निवासी वडद, तहसील महागांव) ऐसा मृत युवक का नाम है. वह बजरंग दल का कार्यकर्ता बताया जा रहा है. शनिवार मध्यरात्रि उमरखेड़ तहसील के सुकली (ज) में यह थरार घटा. इस घटना के कारण इलाके में तीव्र तनाव पैदा हो गया है और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
* पीछा और जानलेवा हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पिकअप वाहन (एमएच 29-बीई 8915) में 15 से 16 जानवरों को अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंसकर उनका अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था. इसकी भनक बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को लगी. यह वाहन आरणी-महागांव मार्ग से बिजौरा टोलनाका पार कर उमरखेड़ की दिशा में जा रहा था, तभी गजानन सुरोशे और उसके सहयोगियों ने अपनी कार (एमएच 12-पीटी 8634) से तस्करों के वाहन का पीछा करना शुरू किया. यह पीछा करते समय ही, सुकली (ज) के पास 5 से 6 तस्करों ने गजानन की कार पर जोरदार पथराव शुरू कर दिया.
इस पथराव में गजानन की कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. इतने पर ही न रुकते हुए तस्करों ने गजानन को चलती गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला और डंडों से बेरहमी से पिटाई की. इस जानलेवा हमले में गजानन गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत उपचार के लिए नांदेड़ के अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. यह पूरी घटना इलाके के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.
* मुख्य आरोपी पर मामला दर्ज, जांच के लिए टीमें रवाना
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता और एसडीपीओ हनुमंत गायकवाड़ ने रात में ही पुलिस दल के साथ घटनास्थल का दौरा किया. इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है. मृत गजानन के भाई ज्ञानेश्वर सुरोशे की शिकायत पर मुख्य आरोपी शेख सुल्तान अलावली (निवासी सुकली) और उसके अन्य साथियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें हैदराबाद, नांदेड़, हिंगोली और परभणी की दिशा में रवाना हो गई हैं.
* हत्या के विरोध में ’महागांव बंद’, व्यापारी भी सड़कों पर
इस अमानवीय हत्या की प्रतिक्रिया रविवार को देखने को मिली. व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष जगदीश नरवाडे और बजरंग दल ने इस घटना का तीव्र निषेध करते हुए ’महागांव बंद’ का आह्वान किया था. इस आह्वान को स्थानीय व्यापारियों ने उत्स्फूर्त प्रतिसाद देते हुए अपने प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रखे. महागांव के साथ वडद और मुडाणा के बाजार भी पूरी तरह बंद थे. कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा न हो, इसलिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

Back to top button