अमरावती रेलवे स्टेशन पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान
स्वच्छता शपथ से हुई शुरुआत, रेल कर्मचारियों ने निकाली जागरूकता रैली

* यात्रियों के साथ स्वच्छ संवाद और श्रमदान
अमरावती/दि.26– यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और रेलवे परिसर को साफ-सुथरा रखने के उद्देश्य से अमरावती रेलवे स्टेशन पर ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया. अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को स्वच्छता शपथ के साथ हुई. इसके बाद स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच स्वच्छता जागरूकता रैली, स्वच्छ संवाद और श्रमदान जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं.
अभियान के दौरान रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा रेलवे परिसर को गंदा नहीं करने के लिए जागरूक किया. कर्मचारियों ने यात्रियों से संवाद करते हुए स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया. इस अवसर पर स्टेशन परिसर में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई. रैली के माध्यम से यात्रियों और नागरिकों को स्वच्छ रेलवे स्टेशन तथा स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया. इसके साथ ही रेलवे कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर में श्रमदान कर सफाई कार्य में प्रत्यक्ष सहभागिता निभाई.
* रेल कर्मचारियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
अभियान के प्रारंभ में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता शपथ लेकर रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने तथा यात्रियों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया. इस दौरान विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने एकजुट होकर अभियान में भाग लिया. कार्यक्रम में स्टेशन प्रबंधक लोहकरे, सीटीआई कुराडे, सीबीपीएस अमरावती के गवई व चारदिवे, सीआरएस स्टाफ के श्रीराम, एसएसई सीएंडडब्ल्यू अमरावती के रामटेके, जेई ईटीएल स्टाफ के जनबंधु, सीएचआई सूर्यवंशी, ओएस अमरावती के मंजूर, ओएस ऑफिस स्टाफ की शीला, आरपीएफ स्टाफ के चव्हाण व ठुबे, इलेक्ट्रिक स्टाफ के सतीश व स्वाती, एसएसई वर्क्स बडनेरा के रईस तथा ओएस सीएंडडब्ल्यू अमरावती के रोजतकर सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और हाउसकीपिंग स्टाफ उपस्थित रहे.
* यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों से अपील की कि स्टेशन परिसर में कचरा इधर-उधर न फेंकें, डस्टबिन का उपयोग करें और अन्य यात्रियों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें. रेलवे स्टेशन की स्वच्छता में यात्रियों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए अभियान के दौरान लोगों को जागरूक किया गया. ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत अमरावती रेलवे स्टेशन पर आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ परिसर और जिम्मेदार यात्री का संदेश दिया गया. अभियान में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की सामूहिक भागीदारी देखने को मिली.





