वर्धा नदी किनारे अवैध हाथभट्ठी पर एलसीबी दल का छापा

हजारो लीटर तैयार गांवठी शराब नष्ट, चार आरोपी हिरासत में

अमरावती/दि. 26 – अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अमरावती ग्रामीण पुलिस की अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है. जानकारी के आधार पर दल ने कुर्‍हाा थाना क्षेत्र में वर्धा नदी के किनारे धारवाड़ा खेत शिवार में चल रही अवैध हाथभट्ठी पर छापा मारा. कार्रवाई में 2,800 लीटर मोहाफुल और 275 लीटर तैयार गांवठी शराब नष्ट की गई. साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान, दो मोपेड और दो मोबाइल सहित करीब 4 लाख 90 हजार 400 रुपये का माल जब्त किया गया.
जानकारी के मुताबिक अमरावती ग्रामीण जिले में चोरी, सेंधमारी सहित विभिन्न अपराधों का पर्दाफाश करने और अवैध धंधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने अपराध शाखा को निर्देश दिए हैं. इसके तहत 25 सितंबर को एलसीबी दल को धारवाड़ा खेत शिवार में अवैध हाथभट्ठी चलाए जाने की जानकारी मिली थी. जानकारी के आधार पर दल ने वर्धा नदी किनारे छापा मारकर मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया. इनमें एक मुख्य संचालक और तीन मजदूर बताए गए हैं. हिरासत में लिए गए आरोपियों में शिदवाडी निवासी जितेश उर्फ गोखरू रामू राठौड़ (32), आर्वी तहसील के लहादेवी निवासी महेश लक्ष्मण कोलबाटे (31), मंगेश जनार्दन श्रीरामे (30) तथा खुबगांव निवासी धीरज विजय धनके (29) का समावेश है.

* 4.90 लाख का माल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 275 लीटर तैयार गांवठी शराब, 2,800 लीटर मोहाफुल, दो टीवीएस जुपिटर मोपेड, दो एंड्रॉयड मोबाइल, चार किलो यूरिया, एक किलो नवसागर तथा शराब बनाने के बर्तन, टोकरियां और ट्यूब बरामद किए. जब्त और नष्ट किए गए माल की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 90 हजार 400 रुपये बताई गई है.

* यूरिया और नवसागर मिलाकर बनाई जा रही थी शराब
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गांवठी शराब तैयार करने के बाद उसमें यूरिया और नवसागर जैसे पदार्थों की मिलावट कर रहे थे. पुलिस के अनुसार, इस तरह तैयार की जाने वाली अवैध शराब मनुष्य स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है. मौके पर मिले मोहा मास सड़वा और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को पंचों की मौजूदगी में नष्ट कर दिया गया. तैयार शराब, यूरिया और नवसागर के नमूने नियमानुसार सील कर सीए जांच के लिए भेजे गए हैं. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के आदेश पर एलसीबी निरीक्षक अशोक लांडे के मार्गदर्शन में पीएसआई रोहित कुदले, पुलिस हेड कांस्टेबल चेतन दुबे, गजानन ठाकरे, सुधीर बावने और सचिन गायधने के दल ने की.

Back to top button