मुंबई में कॉकरोच पार्टी की कार्यकर्ता ने रोकी पुलिस वैन

रिया यादव का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल

* दिल्ली के बाद मुंबई में भी तेज हुआ छात्र आंदोलन
मुंबई/नई दिल्ली/दि.23- नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी छात्र आंदोलनों के बीच मुंबई से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवती पुलिस वैन के सामने खड़ी होकर उसे आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास करती दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि यह युवती रिया यादव है, जो आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रही थी.
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के समर्थन में मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क क्षेत्र में भी प्रदर्शन आयोजित किया गया था. प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और कथित पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने कुछ आंदोलनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया.
* पुलिस वैन के सामने खड़ी हो गई युवती
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को पुलिस वैन में बैठाकर ले जाया जा रहा था. तभी हुडी और कैप पहने एक युवती अचानक वैन के सामने आकर खड़ी हो गई. वायरल वीडियो में वह एक हाथ से पुलिस वाहन को रोकने की कोशिश करती नजर आती है, जबकि दूसरे हाथ में मोबाइल फोन दिखाई देता है. कुछ सेकंड तक युवती पुलिस वैन के सामने डटी रही. इस दौरान वहां मौजूद अन्य प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि इस घटनाक्रम के कारण कुछ प्रदर्शनकारियों को वहां से हटने और पुलिस कार्रवाई से बचने का समय मिल गया. मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने विरोध पर अड़ी रही. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर वाहन में बैठाया. हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
* सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रिया यादव को लेकर बहस छिड़ गई है. कई लोगों ने इसे साहसिक कदम बताते हुए युवती की प्रशंसा की है. कुछ यूजर्स ने उसे सुपरगर्ल और निडर छात्रा जैसे विशेषण दिए हैं. वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कार्रवाई को उचित बताते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन पुलिस वाहन को रोकना उचित तरीका नहीं माना जा सकता.
* वीडियो में पुलिस को लेकर भी कही बात
वायरल वीडियो में रिया यादव यह कहते हुए भी सुनाई देती हैं कि पुलिस अपना कर्तव्य निभा रही है, लेकिन उसे जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए. उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा को भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया.
* आंदोलन को लेकर बढ़ी चर्चा
नीट परीक्षा और कथित पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्र संगठनों और विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक समूहों द्वारा लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं. दिल्ली में हुए घटनाक्रम और उसके बाद विभिन्न राज्यों में हुए विरोध प्रदर्शनों के बीच मुंबई का यह वीडियो आंदोलन का नया प्रतीक बनकर उभरा है. हालांकि वायरल वीडियो में किए जा रहे सभी दावों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस घटना ने छात्र आंदोलनों, पुलिस कार्रवाई और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

Back to top button