शहर में चिकनगुनिया, डेंगू के पेशंट बढे
20 दिनों में 47 रुग्ण

* डेंगू के ही 33 मरीज पॉजिटिव होने से सभी चिंता में
* सीएस बोले घबराने की बात नहीं, मरीज शहर से बाहर के हैं
अमरावती/दि.23 – बारिश के दिनों में मच्छरों का प्रकोप बढते ही खतरनाक डेंगू ने सिर उठाया है. जुलाई माह में 33 मरीज डेंगू पॉजिटिव होने की रिपोर्ट प्राप्त हुई है. जिससे सभी लोगों में चिंता का वातावरण बताया जा रहा है. इस बीच अमरावती मंडल ने जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. विनोद पवार से चर्चा की, तो उन्होंने कहा कि, घबराने की बात नहीं है. मरीज शहर के इतर भागों से आ रहे हैं. शहर में डेंगू का अभी तो कोई मरीज नहीं रहने का दावा भी उन्होंने किया. इस बीच बताया गया कि, चिकनगुनिया के भी 14 मरीज इसी माह अमरावती में पाए गए हैं.
* तीन माह में 113 पेशंट
मई, जून, जुलाई इन तीन माह में डेंगू के 113 और चिकनगुनिया के 43 रुग्ण पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी मिली है. स्वास्थ महकमा उससे हरकत में आया है. लोगों को आगाह करने के साथ साथरोगों से निपटने के लिए व्यापक प्रबंध करने का दावा महकमा कर रहा है.
* अधिकांश मरीज ठीक हुए
मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट होने का दावा किया जा रहा है. अधिकारियों और डॉक्टर्स ने बताया कि, अधिकांश मरीज तंदुरुस्त हो गए है. एक-दो मरीज ही अस्पतालों में उपचाररत है. हालांकि उन्होंने माना कि, सर्दी, गले का दर्द, खांसी, बूखार और हाथ-पैर दर्द के लक्षणों वाले मरीजों की संख्या बढ रही है. उनकी डेंगू और चिकनगुनिया संबंधी जांच करवाई जा रही है. यह भी कहा गया कि, अमरावती शहर की बजाए आसपास के गांवों और एरिया के लोगों को यहां के अस्पतालों में दाखिल किया जा रहा है. आंकडों की बात करें, तो मई में डेंगू के 34, चिकनगुनिया के 13, जून में डेंगू के 44 और चिकनगुनिया के 14 एवं जुलाई में अब तक 33 मरीज डेंगू के और 14 मरीज चिकनगुनियाग्रस्त पाए गए हैं. 21 मरीज मलेरिया के भी पाए गए.
* क्या कहते हैं शल्य चिकित्सक
जिला सामान्य अस्पताल के शल्य चिकित्सक डॉ. विनोद पवार ने कहा कि, सभी प्रकार के मरीजों का उपचार चल रहा है. उनका महकमा पूरी खबरदारी बरत रहा है. अमरावती में शहर का कोई व्यक्ति डेंगूग्रस्त नहीं पाया गया. आसपास के भागों से इक्का-दुक्का मरीज यहां भर्ती के लिए लाए जा रहे हैं. उन्होंने चिंता की कोई बात न होने का दावा कर बताया कि, संबंधित क्षेत्रों में मच्छरों के प्रकोप को रोकने दवा छिडकाव और सभी उपाय किए जा रहे है. देहाती भागों में आशा सेविका और स्वास्थ्य कर्मचारी घर-घर जाकर चेक कर रहे हैं. लोगों को सावधान किया जा रहा है.





