कल पंचवटी चौक में सामुदायिक प्रार्थना
ग्राम जयंती पर्व, होगी विश्व शांति की कामना

अमरावती/दि.29- ग्राम जयंती पर्व निमित्त्य विश्व शांति हेतु कल शनिवार 30 मई को शाम 6.30 बजे पंचवटी चौक में भाऊसाहब पंजाबराव देशमुख स्मारक के पास युगप्रभात फाउंडेशन ने सामुदायिक प्रार्थना का आयोजन किया है. इसमें सभी लोगों, गुरुदेव भक्तों, सामाजिक संस्थाओं से सहभागी होने का आवाहन फाउंडेशन और सेवा सामर्थ्य बहुउद्देशीय संस्था ने किया है.
संस्था ने कहा कि, अब तक 70 से अधिक संस्थाओं, संगठनों सहित गुरुदेव सेवा मंडल ने कल की प्रार्थना सभा में सहभागी होने की घोषणा की है. शाम 6 बजे तक प्रार्थना स्थल पर संगठन और संस्थाएं अपने नाम पंजीबद्ध करा सकती है. प्रार्थना पश्चात खंजिरी भजन, राष्ट्रवंदना और उद्बोधन होगा. यह भी कहा गया कि, सामूहिक प्रार्थना से सामाजिक और राष्ट्रीयता की दिव्य अनुभूति होती है. मानवता के महान पुजारी राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज ने मानव कल्याण और विश्व शांति हेतु सामूहिक प्रार्थना का विचार समाज के सामने रखा था. जिसे समाज ने अंगीकार किया. यह केवल धार्मिक विधि न होकर मनुष्य को जोडनेवाली और प्रत्येक के अंत:करण को स्पर्श करनेवाली, समाज में बंधुभाव, स्नेह बढानेवाली उपासना है.





