अमरावती में तेज आंधी और बारिश का कहर

कई इलाकों में पेड़ गिरे, घरों में घुसा पानी

* अमरावती मनपा अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर
अमरावती /दि.29- अमरावती शहर में गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण कई इलाकों में पेड़ गिरने तथा घरों में पानी घुसने की घटनाएं सामने आईं. अमरावती महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग को शाम 4 बजे से रात 10 बजे के बीच शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार आपातकालीन कॉल प्राप्त हुए. अग्निशमन विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 7 स्थानों पर पेड़ गिरने तथा एक स्थान पर घर में पानी घुसने की घटना दर्ज की गई. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

* इन क्षेत्रों से मिली घटनाओं की सूचना
– कठोरा नाका स्थित स्वावलंबी नगर के पीछे कृष्णा अर्पण कॉलोनी में राजू कोठे के घर में बारिश का पानी घुस गया. इसकी जानकारी नगरसेवक श्री खेडकर ने अग्निशमन मुख्यालय को दी.
– बडनेरा की बड़ी मस्जिद क्षेत्र में एक पेड़ गिरने की सूचना स्थानीय नगरसेवक द्वारा अग्निशमन अधीक्षक को फोन पर दी गई.
– पन्नालाल नगर में पेड़ गिरने की जानकारी जनसंपर्क अधिकारी भूषण पुसतकर ने अग्निशमन मुख्यालय को दी.
– रहाटगांव क्षेत्र में पेड़ गिरने की सूचना नगरसेविका श्रीमती तायडे ने दी.
– स्टेट बैंक कॉलोनी में भी तेज हवा के कारण पेड़ गिर गया, जिसकी जानकारी नगरसेवक प्रशांत वानखेडे ने अग्निशमन विभाग को दी.
– पुंडलिक बाबा नगर में पेड़ गिरने की सूचना उपायुक्त योगेश पिठे ने अग्निशमन अधीक्षक अजय पंधरे को दी.
– समर्थ हाईस्कूल के पास पेड़ गिरने की सूचना स्थानीय नागरिकों ने नियंत्रण कक्ष को दी.
– विलास नगर स्थित वेअरहाउस के पास भी पेड़ गिरने की घटना सामने आई.

* राहत कार्य जारी
अग्निशमन विभाग की टीम ने सभी घटनास्थलों पर पहुंचकर सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाया और यातायात को सुचारू किया. विभाग के अनुसार इन घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है. अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की है.

* बिजली की आंखमिचौली से नागरिक त्रस्त
गुरुवार 28 मई की शाम शहर और परिसर में आंधी-तूफान और बारिश के कारण वातावरण में अचानक बदलाव आ गया. दोपहर तक कडी धूप से परेशान नागरिकों को अचानक तेज हवा के साथ बिजली की कडकडाहट और झमाझम बारिश का सामना करना पडा. शहर के नवसारी, कठोरा नाका परिसर में भारी ओलावृष्टि हुई. नवसारी परिसर में भारी ओले गिरे. केवल 15 मिनट में शहर में 9 मिमी बारिश दर्ज हुई. इस दौरान अनेक इलाकों में बिजली आपूर्ति खंडित हुई. लेकिन उसके पूर्व सुबह 11 बजे से ही अनेक इलाकों में बिजली की आंखमिचौली शुरु थी. पिछले कुछ दिनों से महावितरण की लापरवाह कार्यप्रणाली का अनुभव नागरिकों को मिल रहा है. बारिश, तेज हवा अथवा बिजली की कडकडाहट न रहते हुए भी बिजली आपूर्ति खंडित होने से नागरिक परेशान हो गये है.

* 5 से 6 दिन बारिश की संभावना
जिले में आगामी 5 से 6 दिन हर दिन बारिश की संभावना है. तापमान में भी कमी आने का अनुमान है. बारिश के साथ तेज हवा और बिजली की कडकडाहट हो सकती है. यह बारिश सभी तरफ एक जैसी नहीं बल्कि कुछ इलाकों में कम तो कुछ इलाकों में अधिक रहने की संभावना है.
– प्रा. अनिल बंड,
मौसम विशेषज्ञ.

Back to top button