रेलवे स्टेशन से राजकमल चौक फ्लायओवर मुद्दे पर कांग्रेस का पीडब्ल्यूडी को ज्ञापन

अधिकारियों से पूछा जवाब, अधिकारियों से हुई गहन चर्चा

अमरावती/दि.8 – अमरावती शहर में रेलवे स्टेशन से राजकमल चौक तक का फ्लायओवर पिछले कई महीनों से बंद होने के कारण नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और विभिन्न स्थानों पर दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं. इस मुद्दे को लेकर अमरावती शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सार्वजनिक बांधकाम विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यकारी अभियंता से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा.
प्रतिनिधिमंडल ने फ्लायओवर बंद रहने से व्यापार, यातायात और आम नागरिकों को हो रही गंभीर समस्याओं पर तीव्र नाराजगी व्यक्त की. साथ ही फ्लायओवर के आगामी कार्य की योजना और समय-सीमा आम जनता से छिपाकर रखे जाने पर भी सवाल उठाए गए. इस दौरान कार्यकारी अभियंता ने जानकारी दी कि फ्लायओवर परियोजना पर लगभग 125 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. रेलवे विभाग के हिस्से को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन राज्य शासन के अंतर्गत आने वाले चारों विंग को तोड़ने की प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हुई है और न ही टेंडर प्रक्रिया पूरी हुई है. कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की.
कार्यकारी अभियंता ने यह भी बताया कि फ्लायओवर का पूरा काम पूरा होने में अभी लगभग तीन वर्ष का समय लग सकता है. इस जानकारी के बाद नागरिकों में और अधिक नाराजगी देखी जा रही है. प्रतिनिधिमंडल ने इर्विन चौक में बढ़ती ट्रैफिक समस्या की ओर भी ध्यान आकर्षित किया. उन्होंने कहा कि डॉ. पंजाबराव देशमुख बैंक के सामने बंद किया गया डिवाइडर तुरंत खोला जाए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके. इस पर कार्यकारी अभियंता ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए रोड सेफ्टी कमेटी के समक्ष प्रस्ताव रखने का आश्वासन दिया. साथ ही महानगरपालिका का संबंधित प्रस्ताव भी इसके साथ जोड़ा जाएगा, ऐसा उन्होंने कहा.
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि फ्लायओवर का कार्य तेजी से पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभाग तत्काल समन्वय स्थापित करें, ताकि नागरिकों को हो रही परेशानी जल्द से जल्द कम हो सके. इस अवसर पर कांग्रेस शहराध्यक्ष बबलू शेखावत, मनपा विरोधी पक्षनेता विलास इंगोले, पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे, संजय वाघ, संजय शिरभाते, सुरेश रतावा, नितिन काले, विक्की वानखड़े, अनिकेत ढेंगले, अक्षय नरगडे, बिलाल भाई, विजय अटलकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

Back to top button