कांग्रेस 8, उबाठा 6 व शरद पवार गुट 3 सीटों पर लडेंगे चुनाव
विधान परिषद की 17 सीटों पर मविआ ने तय किया फार्मूला

* अमरावती सहित विदर्भ की 5 सीटों पर कांग्रेस लडेगी
मुंबई /दि.29- आगामी 18 जून को विधान परिषद हेतु राज्य की होने जा रहे विधान परिषद चुनाव को लेकर महाविकास आघाड़ी (एमवीए) में हुई चर्चा के बाद 17 सीटों के बंटवारे पर तीनों दलों के बीच सहमति बन गई. आज मुंबई में हुई बैठक के बाद कांग्रेस हर्षवर्धन सपकाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मविआ के तहत कांग्रेस 8, शिवसेना उबाठा 6 व राकांपा (शरद पवार) 3 सीटों पर चुनाव लडेंगे. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि विदर्भ क्षेत्र की प्रतिष्ठित मानी जाती अमरावती निकाय सीट सहित विदर्भ क्षेत्र की चंद्रपुर-गडचिरोली, यवतमाल, भंडारा-गोदिंया व नागपुर ऐसी 5 सीटें महाविकास आघाडी के तहत कांग्रेस के कोटे में छोडने का निर्णय हुआ है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज मुंबई स्थित यशवंतराव चव्हाण सभागृह में हुई बैठक में कांग्रेस, उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रमुख नेताओं ने भाग लिया. बैठक के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि महाविकास आघाड़ी पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए यह लड़ाई लड़ी जाएगी.
बैठक में तय फॉर्मूले के अनुसार कांग्रेस 8 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. इनमें चंद्रपुर, यवतमाल, भंडारा-गोंदिया, अमरावती, अहिल्यानगर, सोलापुर, धाराशिव-बीड-लातूर और नागपुर शामिल हैं. वहीं उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना रत्नागिरी, जलगांव, परभणी-हिंगोली, छ. संभाजीनगर, नांदेड व नाशिक सीट पर उम्मीदवार उतारेगी. जबकि शरद पवार गुट वाली राकांपा को पुणे, ठाणे और सातारा-सांगली सीटें दी गई है.
* धनबल के भरोसे चुनाव जीतना चाह रहा सत्तापक्ष
इस समय कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सपकाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विधान परिषद चुनाव में बड़े पैमाने पर धनबल का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि नगरसेवकों को प्रभावित करने के लिए लाखों रुपये दिए जा रहे हैं और पैसा फेंको, तमाशा देखो जैसी स्थिति बनाई जा रही है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल अपने सहयोगियों के मतदाताओं को भी प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं. सपकाल ने कहा कि महाविकास आघाड़ी लोकतंत्र, संविधान और महाराष्ट्र धर्म की रक्षा के उद्देश्य से चुनाव लड़ रही है. उन्होंने जनता से भाजपा की दबंगई और तानाशाही को रोकने के लिए साथ आने की अपील भी की.





