बाजोरिया पिता-पुत्र के नाम से उठाए गए परचे
अमरावती प्राधिकारी विप निर्वाचन क्षेत्र

* चौथे दिन भी किसी ने नहीं की बोहनी
अमरावती/दि.29 – शिवसेना नेता और पूर्व विधायक गोपीकिसन बाजोरिया एवं उनके पुत्र विप्लव बाजोरिया, वायएसपी नेता विनोद गुहे सहित 8 लोगों के नाम आज अमरावती स्थानीय स्वायत्त संस्था विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र हेतु नामांकन उठाए गए हैं. किंतु लगातार चौथा दिन बीत गया. किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया. अब नामांकन के लिए केवल दो दिन कल शनिवार और सोमवार 1 जून का दिन बचा है. प्रमुख दलों ने अपने प्रत्याशियों के नाम लगभग तय कर लिए है. अधिकृत घोषणा का सभी को इंतजार है.
आज जिनके नाम नामांकन खरीदे गए, उनमें रामकृष्ण महाजन, प्रदीप ज्ञानेश्वर देशमुख, राहुल मोहोड, अनिल गडलिंग, विप्लव बाजोरिया, गोपीकिसन बाजोरिया, प्रवीण पोटे पाटिल, रवींद्र गोरटे, सचिन रामदास वानखडे, विनोद पुंडलिक गुहे का समावेश है. बाजोरिया पिता-पुत्र ने नामांकन के तीन-तीन सेट खरीदे है. उल्लेखनीय है कि, प्रवीण पोटे पाटिल के लिए आज और नामांकन उठाया गया. इसके पहले सोमवार 25 मई को भी उनके नाम से पर्चा खरीदा गया था.
चुनाव अधिकारियों ने बताया कि, आज 8 लोगों ने 17 परचे खरीदे हैं. अभी तक किसी ने भी पर्चा दाखिल नहीं किया. जिससे आगामी 18 जून को होने जा रहे उच्च सदन के इस महत्वपूर्ण चुनाव की तस्वीर स्पष्ट होना शेष है. दूसरी ओर जानकार कह रहे हैं कि, गोपीकिसन अथवा विप्लव बाजोरिया के मैदान में उतरने से अमरावती में मुकाबला त्रिकोणीय या चतु:कोणीय हो सकता है.





