कोणार्क के जुर्माने को 1 करोड से 11 लाख करने की साजिश!

स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय जाधव का फिर सामने आया कारनामा

अमरावती/दि.25– महानगर पालिका द्वारा शहर की साफ-सफाई की जिम्मेदारी मुंबई की कोणार्क इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी को जिस दिन सौंपी गई है उस दिन से लगातार कोणार्क कंपनी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी सुर्खियों में है. किसी न किसी बात को लेकर चर्चा में रहनेवाले स्वास्थ्य अधिकारी डा. अजय जाधव का एक और कारनामा सामने आने से वे फिर से विवादों में आने की संभावना व्यक्त की जा रही है.
बताया जाता है कि पिछले 6 माह से कोणार्क कंपनी द्वारा शहर में की गई साफ-सफाई को लेकर पार्षदों द्वारा मनपा प्रशासन से की गई शिकायत के चलते कुल मिलाकर प्रशासन ने बिते 6 माह में कोणार्क कंपनी को 1 करोड 25 लाख रूपये का जुर्माना ठोका था. वहीं करारनामे के अनुसार जिस क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर मिलनेवाली शिकायतों पर 50 हजार रूपये रोज जुर्माना अनिवार्य किया गया और इसी 50 हजार रूपये के मुताबिक अब तक का 6 माह में मनपा प्रशासन को प्राप्त मनपा पदाधिकारी और पार्षदों की शिकायत पर कुल मिलाकर 1 करोड 25 लाख रूपये का जुर्माना कोणार्क कंपनी पर ठोका गया है.
लेकिन विधान परिषद चुनाव के लिए शहर सहीत संपूर्ण जिले में लागू आदर्श आचार संहितात का फायदा उठाकर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अजय जाधव द्वारा बुधवार 24 जून को कोणार्क कंपनी को ठोके गए 1 करोड 25 लाख रूपये के जुर्माने को 11 लाख रूपये तक कम करने की चौकानेवाली जानकारी प्राप्त हुई है. जिसके चलते फिर एक बार स्वास्थ्य अधिकारी डा. अजय जाधव विवादों में आने की संभावना तेज हो गई है. सुत्रों के अनुसार बुधवार, 24 जून को स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय जाधव, एसएसआई बुरे, प्रल्हाद चव्हाण व अन्य अधिकारी, कर्मचारियों की बैठक हुई. जिसके पश्चात 1 करोड 25 लाख रूपये जुर्माने की फाईल सीधे 11 लाख रूपये तक कम कर मनपा आयुक्त को मंजुरी के लिए भेज दी गई. यहां बता दे कि यह वहीं जुर्माना है जो कि मनपा की पिछली तीन-चार आमसभा में कोणार्क कंपनी के खिलाफ पदाधिकारियों द्वारा उठाए गए मुद्दे और प्राप्त शिकायतों के बाद लगाया गया था. लेकिन आदर्श आचार संहिता अब भी लागू होने से मनपा में पदाधिकारियों की उपस्थिति न के बराबर रहने के चलते स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसी का फायदा लेकर किया गया यह कारनामा बुधवार, 24 जून को सामने आया है. जिसके चलते आगामी दिनों में यह मामला विवादों के अलावा मनपा की आमसभा में आना तय है.

* मनपा आयुक्त से मांगेंगे जानकारी
मामला काफी गंभीर है. बिते 6 महिनों से कोणार्क कंपनी द्वारा शहर में विभिन्न विभागों की साफसफाई उचित तरीके से न किए जाने के कारण पिछली आमसभा में यह मुद्दा कांग्रेस तथा विभिन्न दलों के पार्षदों ने उठाया था. वहीं नागरिकों द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर पिछले 6 माह में कोणार्क कंपनी को करोडों रूपये का जुर्माना ठोका गया था. किंतु स्वास्थ्य अधिकारी अजय जाधव व अन्य कर्मचारियों ने 1 करोड से अधिक जुर्माने की राशि को 11 लाख रूपये तक करने की साजिश की जानकारी सामने आई है. जिसके चलते अजय जाधव और मनपा आयुक्त को इस संबंध में जानकारी मांगी जाएगी और दोषी पाए जाने पर जाधव के खिलाफ कांग्रेस द्वारा कडी कार्रवाई की मांग की जाएगी.
– बबलु शेखावत, कांग्रेस पार्षद

Back to top button