हफ्ता न देने पर देशी शराब दुकान में तोडफोड
सिरफिरे ने चाकू दिखाकर दुकान संचालक को दी जान से मारने की धमकी

* फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.31 – मैने मर्डर किया हूं और इस एरिया का भाई हूं, हफ्ता नहीं दिया तो दूकान की तोडफोड कर जान से मार दूंगा, ऐसी धमकी देते हुए एक सिरफिरे युवक ने देशी शराब की दुकान में तोडफोड कर दुकान संचालक को जान से मारने की धमकी दी. यह घटना फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के शिव एकता चौक परिसर की देशी शराब दुकान में घटित हुई. शिकायत के आधार पर फ्रेजरपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. दुकान संचालक का नाम संतोष मनोहरलाल जयस्वाल है. जबकि आरोपी का नाम फ्रेजरपुरा के सिद्धार्थ क्रीडा मंडल परिसर निवासी सौरभ रवि गाडेकर है.
जानकारी के मुताबिक मंगलवार 28 जुलाई की दोपहर 2 बजे सौरभ गाडेकर शिव एकता चौक की देशी शराब दुकान में पहुंचा और दुकान संचालक संतोष जयस्वाल (62) से कहने लगा कि, मुझे तुम्हारे से हर माह 500 रुपए हफ्ता लगेगा, मैने मर्डर किया हुआ है और इस परिसर का भाई हूं पैसे नहीं दिये तो मै तुम्हारे दुकान की तोडफोड कर दूंगा. इस तरह धमकाने के बाद संतोष जयस्वाल ने पैसे देने से इंकार कर दिया. तब संतप्त हुए सौरभ गाडेकर ने दुकान की तोडफोड कर गालीगलौज शुरु की और वहां से चला गया. पश्चात 30 जुलाई को सौरभ गाडगेकर फिर से दुकान में पहुंचा और उसने दुकान संचालक संतोष जयस्वाल से गालीगलौज करते हुए हफ्ता मांगा. इंकार करने पर सौरभ ने कमर से चाकू निकालकर गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. शिकायत के आधार पर फ्रेजरपुरा पुलिस ने आरोपी सौरभ गाडेकर के खिलाफ बीएनएस की धारा 308 (4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





