अमरावती में डेयरी उत्पादों की जांच तेज
दूध, खोवा और मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

अमरावती/दि.26- जिले के नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने डेयरी उत्पादों और मिठाइयों की विशेष जांच मुहिम तेज कर दी है. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर दूध, खोवा और विभिन्न मिठाइयों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं.
जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन के रिकॉर्ड के अनुसार 5,000 से अधिक लाइसेंसधारी खाद्य व्यवसाय संचालक कार्यरत हैं. इनमें किराना दुकानें, डेयरी उत्पाद विक्रेता, मिठाई दुकानें तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठान शामिल हैं. इन सभी स्थानों पर समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है. एफडीए द्वारा फिलहाल दूध, खोवा और मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मिठाई दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों से नमूने लेने के निर्देश दिए गए हैं. एकत्रित नमूनों को प्रयोगशालाओं में भेजकर उनकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार जांच की जा रही है.
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त विनायक चव्हाण ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट, घटिया गुणवत्ता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो सबसे पहले संबंधित व्यापारी को नोटिस जारी किया जाता है. सुधार नहीं होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है. अधिकारियों के अनुसार, पिछले वर्ष खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में सैकड़ों व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए थे, जबकि गंभीर मामलों में दो व्यापारियों के खिलाफ न्यायालय में मुकदमे भी दर्ज किए गए. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान विशेष अभियान के तहत जिलेभर की मिठाई दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों से लगातार नमूने एकत्र किए जा रहे हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इस अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकना और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.





