अमरावती में दो लाख से अधिक मतदाताओं की मैपिंग अधूरी

मुख्य चुनाव अधिकारी आज करेंगे समीक्षा

अमरावती /दि.26- मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अमरावती जिले में अब तक लगभग 91 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग वर्ष 2002 की मतदाता सूची से की जा चुकी है. हालांकि, शेष 9 प्रतिशत यानी दो लाख से अधिक मतदाताओं की मैपिंग अभी बाकी है, जिससे चुनाव प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी हो गई है.
जानकारी के अनुसार जिले के कुल 25 लाख 45 हजार 677 मतदाताओं के रिकॉर्ड की प्रारंभिक जांच पूरी हो चुकी है. लेकिन जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, उनमें मुख्य रूप से डुप्लीकेट मतदाता, मृत मतदाताओं के नाम तथा नाम या फोटो में समानता वाले मतदाता शामिल हैं. इन मामलों की अलग से जांच और सत्यापन किया जा रहा है. इसी पृष्ठभूमि में महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकालिंगम गुरुवार को अमरावती संभाग के दौरे पर रहेंगे. वे संभागीय आयुक्त कार्यालय में अमरावती संभाग के सभी पांच जिलों में चल रहे एसआईआर अभियान की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा करेंगे. बैठक में सभी जिला कलेक्टर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, 30 निर्वाचन निबंधन अधिकारी तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दौरे को देखते हुए संभागीय आयुक्त कार्यालय और जिला निर्वाचन प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है.
निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार सभी बीएलओ का प्रशिक्षण पूरा किया जाएगा. 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा. 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी. 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी. सभी दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. चुनाव अधिकारियों का कहना है कि शेष 9 प्रतिशत मतदाताओं की सही पहचान और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता सूची को और अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाया जा सकेगा.

Back to top button