डीडीआरएफ टीम ने 10 मिनट में खोज निकाला कुएं में डूबा युवक
पुलिस को सौंपा शव

अमरावती/दि.30 – जिला आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम ने बडनेरा पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्गापुर स्थित एक कुएं में डूबे युवक का पता लगाकर उसे बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की.
जानकारी के मुताबिक बडनेरा से सटकर स्थित वरुडा ग्राम निवासी प्रसन्न किशोर काललकर (18) के 29 मई की रात करीब 9.40 बजे दुर्गापुर गांव के एक कुएं में डूब जाने की सूचना जिलाधिकारी कार्यालय के नियंत्रण कक्ष को मिली थी. सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशीष येरेकर के निर्देश तथा निवासी उपजिलाधिकारी संतोष काकड़े और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी सुरेंद्र रामेकर के मार्गदर्शन में डीडीआरएफ की खोज एवं बचाव टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. टीम रात करीब 10.40 बजे मौके पर पहुंची और तुरंत खोज अभियान शुरू किया.
कुएं की गहराई अधिक होने के कारण टीम के गोताखोरों ने विशेष उपकरणों और रस्सियों की मदद से तलाशी अभियान चलाया. महज 10 मिनट के भीतर युवक का पता लगा लिया गया. इसके बाद गोताखोर कुएं में उतरे और रस्सी की सहायता से युवक को बाहर निकाला. बचाव दल ने युवक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन के सुपुर्द कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और नागरिक मौके पर जमा हो गए थे. खोज अभियान के दौरान पुलिस प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिला. बचाव अभियान में शामिल टीम सदस्य सचिन धरमकर, कौस्तुभ वैद्य, आकाश निमकर, सुमित बांबल, आपदा मित्र प्रफुल भुसारी, डीडीआरएफ टीम की त्वरित कार्रवाई और कुशल खोज अभियान की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है.





