सीआरएस पोर्टल पर लंबित जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों को तत्काल मंजूरी देने की मांग
मोर्शी नगर परिषद के नगरसेवकों ने दी आंदोलन की चेतावनी

मोर्शी /दि.14- मोर्शी नगर परिषद के सीआरएस पोर्टल पर लंबित जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों की प्रविष्टियों को तत्काल मंजूरी देकर नागरिकों को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की मांग नगरसेवकों ने की है.
जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रवेश के साथ ही नागरिकों के विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए आवश्यक दस्तावेज हैं. लेकिन सीआरएस पोर्टल पर कई प्रकरण लंबित होने के कारण नागरिकों और विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नगरसेवकों ने मांग की है कि लंबित प्रकरणों की तत्काल जांच कर उन्हें मंजूरी दी जाए और संबंधित नागरिकों को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराकर राहत दी जाए. इस संबंध में नगरसेवक रविंद्र रामकृष्ण गुल्हाने, नगरसेवक नईम खान, योगेश जैस्वाल और लोकेश इखे ने हस्ताक्षरित निवेदन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया है. निवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि लंबित जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों को तत्काल मंजूरी नहीं दी गई, तो नागरिकों और विद्यार्थियों को साथ लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष आंदोलन किया जाएगा. नगरसेवकों ने प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है.





