‘कोणार्क’ के कामकाज की होगी जांच

रवि राणा की शिकायत पर विभागीय आयुक्त ने दिए आदेश

अमरावती/दि.14– अमरावती मनपा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का ठेका संभाल रहे कोणार्क ठेकेदार के कामकाज में कथित अनियमितताओं और सफाई व्यवस्था में लापरवाही का मामला सामने आया है. इस संबंध में विधायक रवि राणा ने 31 जुलाई 2026 को विभागीय आयुक्त से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच की मांग की थी.
विधायक राणा ने शिकायत में ठेकेदार के कामकाज से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करने, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा जांच पूरी होने तक ठेकेदार के लंबित भुगतान रोकने की मांग की थी. राणा की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभागीय आयुक्त ने मामले की तत्काल जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद संभागीय आयुक्त कार्यालय के विभागीय सहआयुक्त नितिन कापडणीस ने 10 अगस्त को अमरावती मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले को आधिकारिक पत्र भेजा.
पत्र में मनपा से जुड़े कोणार्क ठेकेदार के कामकाज और कथित मिसमैनेजमेंट के सभी पहलुओं की जांच कर तथ्यात्मक, निष्पक्ष और पूर्ण रिपोर्ट तत्काल विभागीय आयुक्त को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं. इस कार्रवाई से सफाई ठेके के कामकाज को लेकर मनपा प्रशासन में भी हलचल बढ़ गई है. अब जांच रिपोर्ट में क्या सामने आता है और संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें हैं.

Back to top button