नवजात शिशुओं की मौत के बाद दहीहांडी उत्सव रद्द करने की मांग

पूर्व सांसद नवनीत राणा ने युवा स्वाभिमान पार्टी से की अपील

* उत्सव का खर्च पीड़ित परिवारों की मदद में लगाने का आग्रह
अमरावती /दि.31– अमरावती जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु विभाग में वेंटिलेटर में विस्फोट के बाद लगी आग में तीन नवजात शिशुओं की मौत और छह के घायल होने की दुखद घटना के मद्देनजर पूर्व सांसद नवनीत रवि राणा ने इस वर्ष दहीहांडी उत्सव रद्द करने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने युवा स्वाभिमान पार्टी के अध्यक्ष नीलकंठराव कात्रे को पत्र देकर 6 सितंबर को नवाथे चौक, अमरावती के साथ ही अंजनगांव सुर्जी, परतवाड़ा, धारणी और तिवसा में आयोजित होने वाले भव्य दहीहांडी उत्सव रद्द करने का आग्रह किया है.
नवनीत राणा ने पत्र में कहा कि जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु विभाग में आग लगने की घटना में तीन मासूमों की जान चली गई, जबकि छह नवजात घायल हुए. इस घटना से मृत बच्चों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे अमरावती की भावनाएं आहत हुई हैं. नवनीत राणा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा राज्य के राजस्व मंत्री एवं अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से फोन पर चर्चा कर इस वर्ष दहीहांडी उत्सव रद्द करने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि दहीहांडी पारंपरिक उत्सव है और हर वर्ष गोविंदा पथक, युवक-युवतियां तथा नागरिक उत्साह के साथ इसमें शामिल होते हैं. लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उत्सव मनाने की बजाय पीड़ित परिवारों के दुख में सहभागी बनना और उन्हें सहारा देना अधिक महत्वपूर्ण है.

* दहीहांडी का खर्च पीड़ितों की मदद में लगाने की अपील
नवनीत राणा ने युवा स्वाभिमान पार्टी की सामाजिक जिम्मेदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी की ओर से जरूरतमंदों को आर्थिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी सहायता दी जाती है. इसी भावना के तहत अस्पताल हादसे में प्रभावित परिवारों के साथ-साथ गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता तथा निराधार और बेरोजगार लोगों की मदद के लिए पहल की जानी चाहिए. उन्होंने भाजपा और युवा स्वाभिमान पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जाने वाले सभी भव्य दहीहांडी कार्यक्रम इस वर्ष रद्द कर उस पर होने वाला खर्च सामाजिक कार्यों और पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए इस्तेमाल करने की मांग की है. राणा ने कहा कि यदि उत्सव रद्द कर नवजात बच्चों के परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाती है, तो दुख की इस घड़ी में उन्हें बड़ा सहारा मिलेगा और इससे महाराष्ट्र के सामने सामाजिक जिम्मेदारी का एक उदाहरण भी स्थापित होगा. अब नवनीत राणा की इस अपील के बाद युवा स्वाभिमान पार्टी की ओर से दहीहांडी उत्सव के आयोजन को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर शहरवासियों की नजरें टिकी हैं.

Back to top button