एमएसडीसीएल के उपअभियंता व कम्प्यूटर ऑपरेटर रिश्वत लेते धरे गये

एसीबी कार्यालय की गर्ल्स हाईस्कूल चौक स्थित कार्यालय परिसर में कार्रवाई

अमरावती/दि.29 – स्थानीय भ्रष्टाचार निरोधक दल ने एमएसईडीसीएल ओ एण्ड सर्कल के गर्ल्स हाईस्कूल चौक परिसर के कार्यालय के पास उपकार्यकारी अभियंता व कम्प्यूटर ऑपरेटर को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड लिया गया. इस कार्रवाई से हडकंप मच गया है. रिश्वत लेने वाले उपकार्यकारी अभियंता का नाम बालासाहब दिगंबर खंडारे (48) और कम्प्यूटर ऑपरेटर श्यामकुमार पांडुरंग इजाटे (42) है.
जानकारी के मुताबिक 37 वर्षीय शिकायतकर्ता जो सोलर पैनल फिटींग का काम करता है, ने 16 मार्च 2026 को एमएसईबी के अमरावती कार्यालय में ग्रीन एनर्जी के तहत सोलर रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया था. आरोप है कि, इस प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई थी. 28 अप्रैल को की गई जांच के दौरान यह मांग 15 हजार रुपए पर तय हुई. पश्चात एसीबी के दल ने जाल बिछाकर कम्प्यूटर ऑपरेटर श्याम कुमार इजाटे को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड लिया. इस मामले में उपकार्यकारी अभियंता बालासाहब खंडारे का नाम भी सामने आया है. उन पर भी रिश्वत मांगने का आरोप है. इस कारण उन्हें भी इस प्रकरण में आरोपी बनाया गया है. आरोपी के पास से मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामान जब्त किया गया है. जबकि उनके घर की तलाशी की प्रक्रिया जारी है. गाडगे नगर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरु है. आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है. यह कार्रवाई एसीबी के उपअधीक्षक मंगेश मोहोड के नेतृत्व वाले दल ने की.

Back to top button