आठ डेयरी में मिली गंदगी, सात नमूने जांच के लिए लैब भेजे
अमरावती में एफडीए की कार्रवाई व्यापारियों में हडकंप

अमरावती/दि.15– खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने अमरावती शहर में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन करने वाली डेयरियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. सोमवार और मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में डेयरियों पर अचानक छापेमारी की गई, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. जांच के दौरान आठ डेयरियों में गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं. वहीं सात संदिग्ध खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है.
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उनके निर्देश के बाद अमरावती में एफडीए की टीम लगातार सक्रिय है और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ डेयरियों में साफ-सफाई की भी गहन जांच कर रही है. हाल के दिनों में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं.
* रुक्मिणी डेयरी में मिली भारी गंदगी
चपराशीपुरा स्थित रुक्मिणी डेयरी की जांच के दौरान बाहर से परिसर साफ दिखाई दिया, लेकिन अंदर का वातावरण बेहद गंदा मिला. डेयरी में स्वच्छता के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था. एफडीए अधिकारियों ने यहां से पनीर और खवा के नमूने लेकर जांच के लिए जब्त किए. कार्रवाई के दौरान डेयरी सुपरवाइजर विनोद पाठक और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अदिति देशमुख मौजूद थीं.
* बिना थोक लाइसेंस के हो रही थी खवा की बिक्री
एफडीए की टीम को सूचना मिली कि चित्रा चौक स्थित श्री मनोहर दूध डेयरी में बड़ी मात्रा में खोवा बेचा जा रहा है. जांच में डेयरी संचालक ने स्वीकार किया कि उसने विभिन्न स्थानों से खवा खरीदकर थोक में बिक्री की. जबकि उसके पास थोक व्यापार का वैध लाइसेंस नहीं था. अधिकारियों ने यहां से खवा, पनीर और भैंस के दूध के नमूने जांच के लिए लिए.
* राज दूध डेयरी में भी मिली अनियमितताएं
गाडगे नगर स्थित श्री राज दूध डेयरी की जांच के दौरान फ्रीजर में गंदगी पाई गई. इसके अलावा डेयरी संचालक खरीद से संबंधित बिल भी प्रस्तुत नहीं कर सका. अधिकारियों ने यहां से गाय के दूध और पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए.
* तीन प्रमुख डेयरी से लिए गए सात नमूने
मंगलवार को एफडीए की विशेष टीमों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित डेयरियों पर छापेमारी की. इस दौरान तीन प्रमुख डेयरियों में अत्यधिक गंदगी और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया. अधिकारियों ने दूध और दुग्ध उत्पादों के कुल सात संदिग्ध नमूने एकत्र कर उन्हें रासायनिक एवं गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया.
* रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी गजानन गोरे ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में डेयरियों की नियमित जांच की जा रही ह. दूध, दही, पनीर, खोवा सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं. प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद जिन डेयरी संचालकों के नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे या जिनके यहां नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





