अमरावती की शिक्षाधिकारी प्रिया देशमुख के जांच के आदेश

मंत्रालय ने मांगी कार्रवाई की रिपोर्ट, अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी जांच शुरू

अमरावती/दि.15– महाराष्ट्र सरकार के शालेय शिक्षा व क्रीडा विभाग ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ प्राप्त होनेवाली शिकायतों की गंभीर रूप से दखल लेते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जांच के आदेश जारी किए है. जिसके तहत अमरावती जिला परिषद की माध्यमिक शिक्षाधिकारी प्रिया देशमुख तथा समूह शिक्षाधिकारी संदीप बोडखे को लेकर प्राप्त शिकायतों की मूल प्रति संबंधित विभाग को भेजते हुए शिकायतों की जांच कर उन पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सरकार को जल्द से जल्द भेजने का निर्देश दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक जूनी बस्ती बडनेरा के इस्लामी चौक परिसर निवासी मुमताज खान अकबर खान ने 23 जून 2026 को माध्यमिक शिक्षाधिकारी प्रिया देशमुख व समूह शिक्षाधिकारी संदीप बोडखे के खिलाफ राज्य के शालेय शिक्षा व क्रीडा विभाग के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी और इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई थी. इस शिकायत की गंभीर दखल लेते हुए शालेय शिक्षा व क्रीडा विभाग ने अमरावती जिप प्रशासन को शिकायत की मूल प्रतिलिपी भेजते हुए मामले की त्वरित जांच करने तथा इस मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट सरकार को तुरंत भेजने का निर्देश दिया है. मंत्रालय की ओर से मिले इस आदेश के बाद मुमताज बानो द्बारा दी गई शिकायत के अनुसार मामले की जांच प्रक्रिया शुरू होने की पूरी संभावना है.

* शिक्षक भर्ती मामले की भी होगी जांच
शालेय शिक्षा और क्रीडा मंत्रालय की ओर से जारी पत्र में एक अन्य शिकायत का भी उल्लेख किया गया है. आर्वी स्थित निजामिया बहुउद्देशीय संस्था के सहसचिव मोहीबुद्दीन मोहम्मद द्बारा विगत 25 जून 2026 को दी गई शिकायत में नागपुर के शिक्षा उप संचालक पर कथित रूप से शिक्षक भर्ती में अनियमितता करने तथा नियमों के विरूध्द जाकर शिक्षक भर्ती को व्यक्तिगत मान्यता प्रदान करने का आरोप लगाया है. शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर संबंधित व्यक्तिगत मान्यता को रद्द करने तथा यह मामला गृह विभाग को सौंपने की मांग उठाई है.

Back to top button