दिशा सालियन मृत्यु प्रकरण को सीबीआई को सौंपा
हाईकोर्ट का बड़ा आदेश

* एफआईआर दर्ज करने के निर्देश
मुंबई/दि.2 – दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में मुंबई हाईकोर्ट ने बुधवार को अहम आदेश दिया. अदालत ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने और जांच के लिए एक वरिष्ठ सीबीआई अधिकारी नियुक्त करने को कहा है.
दिशा सालियन के पिता सतीश सालियन ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपनी बेटी की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज करने और नए सिरे से निष्पक्ष जांच की मांग की थी. उन्होंने विशेष रूप से मामले की जांच उइख से कराने की मांग की थी. 28 अगस्त को इस मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था.
* सीबीआई को दस्तावेज सौंपने के निर्देश
दिशा सालियन के पिता की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता निलेश ओझा ने बताया कि अदालत ने सीबीआई को सतीश सालियन का बयान दर्ज करने और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा मालवणी पुलिस थाने में मामले से जुड़े सभी दस्तावेज सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया गया है. अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान सबूतों के आधार पर जिन लोगों के नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं, जिन लोगों के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिलेगा, उन्हें आरोपी नहीं बनाया जाएगा. यदि सीबीआई जांच के बाद नकारात्मक रिपोर्ट दाखिल करती है, तो दिशा के पिता को उसके खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने और प्रोटेस्ट पिटिशन दाखिल करने का अधिकार रहेगा.
* पिता सतीश सालियन हुए भावुक
हाईकोर्ट के फैसले के बाद दिशा सालियन के पिता सतीश सालियन भावुक नजर आए. उन्होंने अदालत के प्रति आभार व्यक्त किया. सुनवाई के दौरान उनके भावुक होने की तस्वीरें भी सामने आईं. सतीश सालियन ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि उनकी बेटी के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या की गई. उन्होंने इस आधार पर एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी. हालांकि, दिशा सालियन के पोस्टमार्टम रिकॉर्ड में यौन उत्पीड़न या बलात्कार की पुष्टि नहीं होने का उल्लेख किया गया था.
* 8 जून 2020 को हुई थी दिशा की मौत
दिशा सालियन की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मालाड इलाके में एक इमारत की 14 वीं मंजिल से गिरने के बाद हुई थी. उस समय मुंबई पुलिस ने इस घटना को आत्महत्या से जुड़ा मामला माना था और आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की थी. दिशा सालियन बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं. उन्होंने वरुण शर्मा, भारती सिंह और कई अन्य कलाकारों के साथ भी काम किया था. सुशांत सिंह राजपूत की मौत के कुछ दिन पहले दिशा की मौत होने के कारण यह मामला बाद में काफी चर्चा में आया.
* महाराष्ट्र की राजनीति में भी उठा था बवाल
दिशा सालियन की मौत का मामला 2022 में महाराष्ट्र विधानसभा में भी उठा था. भाजपा विधायक नीतेश राणे और शिवसेना के शिंदे गुट के विधायक भरत गोगावले ने मामले की जांच की मांग की थी. नीतेश राणे ने तत्कालीन मंत्री आदित्य ठाकरे की नार्को टेस्ट कराने की मांग भी की थी. अब मुंबई हाईकोर्ट के सीबीआई जांच के आदेश के बाद दिशा सालियन मौत मामले में आगे की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं.





