विधान परिषद के चुनाव हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार
चुनावी मैदान में 3 प्रत्याशी, 18 जून को 7 केन्द्रों पर होगा मतदान

* जिले के 7 उपविभागीय अधिकारी कार्यालयों में रहेगी तहसील निहाय मतदान की व्यवस्था
* 226 पुरूष व 227 महिला ऐसे कुल 453 सदस्य मतदाता चुनेंगे अपना प्रतिनिधि
* जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधीश आशीष येरेकर ने दी जानकारी
* 22 जून को होनेवाली मतगणना की जानकारी दी थी
* दो टेबलों पर होगी मतगणना, एक टेबल रखा जायेगा संकलन हेतु
अमरावती/दि.4 – अमरावती स्वायत्त निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद की सीट हेतु निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शुरू की गई निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आज नामांकन वापसी के अंतिम दिन चुनावी मैदान में तीन प्रत्याशी शेष बचे है. जिनमें भाजपा प्रत्याशी प्रवीण रामचंद्र पोटे, कांग्रेस प्रत्याशी हर्षजीत अनंतराव देशमुख व वंचित बहुजन आघाडी नीलेश ताराचंद विश्वकर्मा का समावेश है. नामांकन वापसी का समय समाप्त होने के साथ ही अब जिला प्रशासन आगामी 18 जून को कराए जानेवाले चुनाव एवं मतदान की तैयारी में जुट गया है. इस आशय की जानकारी आज यहां बुलाई गई पत्रवार्ता में जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधीश आशीष येरेकर द्बारा दी गई है.
जिलाधीश आशीष येरेकर द्बारा आज अपने कार्यालय में बुलाई गई पत्रवार्ता में उपरोक्त जानकारी देने के साथ ही बताया गया कि विधान परिषद के चुनाव हेतु मतदान कराने के लिए जिले के 7 उपविभागीय अधिकारी कार्यालयों में तहसील निहाय मतदान केन्द्रों की व्यवस्था की जायेगी. जहां पर संबंधित तहसीलों से वास्ता रखनेवाले स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों यानी नगराध्यक्षों व नगरसेवकों द्बारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जायेगा. जिसके तहत अमरावती तहसील कार्यालय में अमरावती मनपा, धारणी तहसील कार्यालय में धारणी नगर पंचायत व चिखलदरा नगर परिषद, अचलपुर एसडीओ कार्यालय में अचलपुर व चांदुर बाजार नगर परिषद, मोर्शी तहसील कार्यालय में मोर्शी, वरूड व शे.घाट नगर परिषद, दर्यापुर तहसील कार्यालय में दर्यापुर व अंजनगांव नगर परिषद, तिवसा-भातकुली एसडीओ कार्यालय में तिवसा व भातकुली नगर पंचायत तथा चांदुर रेलवे तहसील कार्यालय में चांदुर रेलवे व धामणगांव नगर परिषद एवं नांदगांव खंडेश्वर नगर पंचायत के सदस्य मतदाता द्बारा मतदान किया जायेगा. प्रत्येक उप विभाग स्तर पर तय किए गये मतदान केन्द्रों के लिए एक-एक मतदान केन्द्र अध्यक्ष, मतदान अधिकारी-1, मतदान अधिकारी-2 व मतदान अधिकारी-3, सुक्ष्म निरीक्षक एवं शिपाई की नियुक्ति की जायेगी.
इस पत्रवार्ता में जिलाधीश आशीष येरेकर द्बारा बताया गया कि विधान परिषद के चुनाव में जिले के 15 स्थानीय निकायों से वास्ता रखनेवाले 226 पुरूष व 227 महिला ऐसे कुल 453 मतदाताओं द्बारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जायेगा. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि 18 जून को होनेवाले मतदान के बाद 22 जून को जिलाधीश कार्यालय के नियोजन भवन में मतगणना की जायेगी. जिसके लिए दो टेबल निश्चित किए गये है. जिसमें से एक टेबल संकलन के लिए रहेगा. साथ ही इस पत्रवार्ता में यह जानकारी दी गई कि यह चुनाव मतपत्रिका यानी बैलेट पेपर पर लिया जायेगा. जिसके चलते कोई भी वोट अवैध न हो इस हेतु मतदाता सदस्योें को पहले ही मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जायेगी. साथ ही मतदान व मतगणना के समय कानून व व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने हेतु तगडा पुलिस बंदोबस्त भी तैनात किया जायेगा.
इस पत्रवार्ता में निर्वाचन आयोग की ओर से निर्वाचन निरीक्षक के तौर पर भेजे गये कामगार आयुक्त कुंभार सहित ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, शहर पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी शिवाजी शिंदे भी उपस्थित थे.





