दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत में चालक की मौत
बारिश और तेज रफ्तार के चलते वरुड-तिवसाघाट हाईवे पर हुआ हादसा

वरुड /दि.22 -तिवसाघाट हाईवे पर रविवार शाम करीब 6.30 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रक का चालक मामूली रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद शेंदुरजनाघाट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतक चालक का नाम अब्दुल सईद खान (42) है. वह सिलवानी जिले के कजबा बमोरी मध्य प्रदेश का निवासी बताया गया है.
जानकारी के मुताबिक आयशर ट्रक क्रमांक एमपी 09- जीएच -1376 लोहे का सामान लेकर मुलताई की ओर जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहा ट्रेलर क्रमांक सीजी 04- क्यूटी- 9277 स्टील का सामान लेकर वर्धा की दिशा में जा रहा था. बारिश के बीच तेज रफ्तार के कारण एक वाहन के चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और दोनों ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि आयशर ट्रक के चालक अब्दुल सईद खान गंभीर रूप से घायल हो गया. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. दूसरे ट्रक का चालक हादसे में मामूली रूप से घायल हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही शेंदुरजनाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना का पंचनामा किया. पुलिस थानेदार राहुल गवई के नेतृत्व में जवान वीरेंद्र अमृतकर मामले की जांच कर रहे हैं.





