अमरावती में अगले पांच दिन शुष्क मौसम, बारिश की संभावना

दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बिना वजह घर से बाहर न निकलें

* अल नीनो का असर बढ़ेगा
* मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
पुणे/अमरावती/दि.6 – पिछले कुछ दिनों से राज्य में भीषण गर्मी बढ़ गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है. अमरावती में आने वाले दिनों में भी यह गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई गई है. मौसम शुष्क रहने के साथ कहीं-कहीं बुंदा-बांदी होने की संभावना मौसम विशेषज्ञ प्रा. डॉ. अनिल बंड ने व्यक्त की. उन्होंने बताया कि, अमरावती संभाग का पारा 40-43 डिग्री के बीच बना रहेगा. वहीं आज दोपहर मोर्शी में अचानक तेज बरसात होने की जानकारी भी उन्होंने दी. इस बीच पुणे के मौसम केंद्र ने अल नीनो के प्रभाव के कारण नंदुरबार जिले में एक बार फिर हीटवेव आने की आशंका है, इसलिए नागरिकों को अभी से सावधानी बरतनी होगी. बदलते मौसम के कारण प्री-मानसून से पहले ही गर्मी बढ़ने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है. रायगढ़ जिले के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है.
* मोर्शी में बदला मौसम
मोर्शी में दोपहर को मौसम ने पलटी खायी. वहां हलकी बरसात होने का समाचार है. बताया गया कि, दोपहर 1 बजे बादल छा गए, तेज हवाएं चलने लगी और बरसात शुरु हो गई. अंदाज है कि, 3-4 मिमी मेघ बरसे होंगे. अगले दो-तीन दिनों में अमरावती के कुछ भागों में ऐसे ही अचानक बरसात होने की संभावना भी डॉ. अनिल बंड ने व्यक्त की. उन्होंने गर्मी से अगले पांच दिनों तक छुटकारा नहीं रहने का अंदाज जताया.
इस बीच नंदुरबार जिले में एक बार फिर तेज धूप का असर बढ़ गया है और तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है. पिछले कुछ दिनों से 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला तापमान आज सीधे 40 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे लोग परेशान हैं. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना जताई है और प्रशासन भी सतर्क हो गया है. जिले में अल नीनो का प्रभाव रहने के कारण तापमान और अधिक बढ़ने की संभावना है. हीटस्ट्रोक से बचाव के लिए विशेष कक्ष बनाए गए हैं, लेकिन बढ़ती गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है. दोपहर के समय नंदुरबार शहर की सड़कें खाली दिखाई दे रही हैं और प्रशासन ने लोगों से आवश्यक काम के बिना घर से बाहर न निकलने की अपील की है.
* यलो अलर्ट जारी
रायगढ़ जिले में भी तापमान बढ़ रहा है और 34 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है. बढ़ती गर्मी को देखते हुए आज के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है. कोकण क्षेत्र में गर्म और उमस भरे मौसम के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है और आने वाले कुछ घंटों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है. प्री-मानसून के दौरान बदलते मौसम के कारण कभी बादल छाए रहना और कभी तेज धूप पड़ना जैसी स्थिति बन रही है. प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है. विशेष रूप से दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर जाने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के रंग और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. साथ ही छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीजों को विशेष सावधानी रखने की अपील की गई है.
* जलगांव को राहत
जलगांव जिले को बड़ी राहत मिली है. पिछले 24 घंटों में यहां तापमान में लगभग 2 से 2.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. 42.6 डिग्री पर पहुंचा पारा आज घटकर 40.4 डिग्री हो गया है. तापमान में कमी से गर्मी कम महसूस हो रही है और लोगों को राहत मिली है. मई की शुरुआत में ही तापमान में गिरावट आने से जलगांववासियों को राहत मिली है. हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में तापमान फिर से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है.

Back to top button