लिलाई लकड़ी तेल घाना में कृषि विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण

अमरावती/दि.31- श्री शिवाजी शिक्षण संस्था, अमरावती द्वारा संचालित तथा डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषि विद्यापीठ, अकोला से संबद्ध श्री शिवाजी कृषि महाविद्यालय के ग्रामीण कृषि कार्यानुभव कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने लिलाई लकड़ी तेल घाना का शैक्षणिक भ्रमण किया.
भ्रमण के दौरान उद्योग के संचालक अनिकेत भोजराज ठाकरे एवं प्रबंधक पुष्पक खाडे ने विद्यार्थियों को पारंपरिक लकड़ी घानी से तेल निकालने की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस तकनीक में अधिक तापमान का उपयोग नहीं किया जाता, जिससे मूंगफली, तिल, नारियल (खोबरा) सहित विभिन्न तिलहनों से शुद्ध, प्राकृतिक और पौष्टिक तेल प्राप्त होता है. विद्यार्थियों ने तेल निष्कर्षण की प्रक्रिया के साथ-साथ तेल की पैकिंग, गुणवत्ता नियंत्रण और बाजार में विपणन संबंधी जानकारी भी प्राप्त की. इसके अलावा तेल निकालने के बाद बचने वाली खली के पशु आहार एवं जैविक खाद के रूप में उपयोग के बारे में भी विस्तार से जाना. इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को पारंपरिक लकड़ी घानी उद्योग की कार्यप्रणाली, शुद्ध तेल उत्पादन की तकनीक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और कृषि आधारित उद्यमिता की संभावनाओं की व्यावहारिक जानकारी मिली. महाविद्यालय के अनुसार यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और भविष्य के कृषि उद्यमों की दृष्टि से उपयोगी सिद्ध हुआ.





