सफाई, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निगमायुक्त के निर्देश
दस्तूरनगर क्षेत्र का नगर निगम आयुक्त ने किया निरीक्षण

अमरावती/दि.31 – शहरवासियों को बेहतर और प्रभावी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अमरावती मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने दस्तूरनगर क्षेत्र के प्रभाग क्रमांक-9 एसआरपीएफ-वडाली का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण, मनपा स्कूल, मनपा अस्पताल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
निरीक्षण की शुरुआत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था से की गई. आयुक्त ने सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों और कचरा संग्रहण व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा नागरिकों की शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए. उन्होंने कचरा संग्रहण, परिवहन और निस्तारण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया. इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता की जांच की और अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए. साथ ही निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा.
मनपा विद्यालय के निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा का जायजा लिया गया. विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए. मनपा अस्पताल के दौरे में स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और अस्पताल की स्वच्छता की समीक्षा की गई. डॉ. गोंदावले ने कहा कि नागरिकों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा अस्पताल के कार्यों में और अधिक दक्षता लाई जाए.
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और लंबित विकास कार्यों की जानकारी आयुक्त को दी. इस पर उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. निरीक्षण के अंत में आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने अधिकारियों को नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सभी विकास कार्य समय पर पूर्ण कर जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि शहर के सभी प्रभागों में नियमित निरीक्षण किए जाएंगे ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. इस अवसर पर नगरसेविका ममता आवारे, पंचफुला चव्हाण, नगरसेवक विक्की वानखड़े, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, उपायुक्त भाग्यश्री बोरेकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.





