दस्तुरनगर में नि:शुल्क हृदय जांच शिविर को उत्स्फूर्त प्रतिसाद

मनपा स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर के आयोजन में 109 मरीजों ने लिया लाभ

अमरावती /दि.10– दस्तुरनगर स्थित श्री संत गजानन महाराज मंदिर में मनपा स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर मित्र मंडल की ओर से तथा रेडियंट सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल के सहयोग से नि:शुल्क हृदय रोग जांच एवं मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया. शिविर को नागरिकों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला. सुबह 9.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में 109 मरीजों ने हृदय संबंधी जांच का लाभ उठाया.
शिविर के उद्घाटन अवसर पर मनपा स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, प्रसिद्ध हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. पवन अग्रवाल, नगरसेवक मंगेश मनोहरे, नगरसेविका ममता आवारे तथा अर्चना पाटील प्रमुख रूप से उपस्थित थे. अविनाश मार्डीकर के हाथों शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया गया. इसके बाद डॉ. पवन अग्रवाल ने हृदय रोग के कारणों, लक्षणों, बचाव के उपायों तथा समय पर उपचार के महत्व को लेकर उपस्थित नागरिकों को मार्गदर्शन दिया.
शिविर के दौरान मरीजों की आवश्यक हृदय संबंधी जांच की गई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी गई. आयोजकों ने बताया कि नागरिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और हृदय रोगों की समय रहते पहचान करने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया था. कार्यक्रम का सूत्रसंचालन योगगुरु दिलीप शेलोटकर ने किया, जबकि नगरसेवक मंगेश मनोहरे के आभार प्रदर्शन के साथ शिविर का समापन हुआ. इस अवसर पर छोटू पाटील, भास्करराव ढेवले, शिवाजी देशमुख, प्रदीप देशमुख, अमित देशमुख, विष्णु कांबे, दीपक पाटील, अनंत लकडे, मंगेश तायडे, चंदू कांबले सहित अनेक मान्यवर उपस्थित थे. शिविर के सफल आयोजन के लिए बंडू दवणे, अक्षय चव्हाण, अनिल कदम और निखिल जवंजाल सहित कार्यकर्ताओं ने परिश्रम किए.

Back to top button