2 हजार रुपये की रिश्वत लेते विस्तार अधिकारी गिरफ्तार

अंजनगांव सुर्जी पंचायत समिति में एसीबी की कार्रवाई

* सड़क निर्माण के भुगतान के लिए मांगी थी रिश्वत
अमरावती/दि.12 – अमरावती एसीबी़ के दल ने मंगलवार शाम अंजनगांव सुर्जी पंचायत समिति के एक विस्तार अधिकारी को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया. आरोपी ने अनुसूचित जाति और नवबौद्धों के लिए विकास योजना के तहत किए गए कंक्रीट सड़क निर्माण कार्य के भुगतान से संबंधित नोट पर हस्ताक्षर करने के बदले रिश्वत मांगी थी. पकडे गए विस्तार अधिकारी का नाम धोतरखेडा निवासी रवींद्र बाबुजी दारशिंबे (54) है.
जानकारी के मुताबिक रवींद्र दारशिंबे अंजनगांव सुर्जी पंचायत समिति में विस्तार अधिकारी के पद पर कार्यरत था. रिश्वत मामले में दर्यापुर निवासी 53 वर्षीय व्यक्ति ने एसीबी के पास शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता के मुताबिक हीरापुर ग्राम पंचायत में अनुसूचित जाति एवं नवबौद्धों के लिए विकास योजना के अंतर्गत सीमेंट सड़क का काम किया गया था. इस कार्य के भुगतान के लिए आवश्यक नोट पर हस्ताक्षर करने के बदले आरोपी अधिकारी ने 2 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की. शिकायत मिलने के बाद 11 अगस्त को एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया. शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने जाल बिछाया. तय योजना के अनुसार रिश्वत लेते समय रविंद्र दारशिंबे को एसीबी के दल रंगेहाथ ने पकड़ लिया. यह कार्रवाई एसीबी के पुलिस अधीक्षक बापू बांगर और पुलिस उपाधीक्षक राजेश राठौड़ के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक नीलिमा सातव, जमादार सुधीर चर्जन और कांस्टेबल उपेंद्र थोरात की टीम ने की.

 

Back to top button