शराब के नशे में गलती से कीटनाशक निगलने से किसान की मौत

खेत में फसलों पर स्प्रे करते समय हुआ हादसा; अमरावती के वलगांव थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.5 – वलगांव पुलिस थाना क्षेत्र के नांदुरा बुजुर्ग गांव में खेत में फसलों पर कीटनाशक का छिड़काव करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया. शराब के नशे में 68 वर्षीय किसान ने कथित तौर पर गलती से कीटनाशक पी लिया. तबीयत बिगड़ने के बाद उसे उपचार के लिए अमरावती जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक का नाम दीपक भाऊराव देशमुख है. इस मामले में वलगांव पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है.
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक 28 सितंबर की दोपहर दीपक देशमुख अपने खेत में छिड़काव के काम में मदद कर रहे थे. शिकायतकर्ता के अनुसार, दीपक को शराब पीने की आदत थी और घटना के समय भी वह शराब के नशे में थे. इसी दौरान नशे की हालत में उन्होंने खेत में छिड़काव के लिए लाई गई जहरीली दवा को कथित तौर पर शराब समझकर पी लिया. कीटनाशक पेट में जाने के कुछ ही समय बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं और उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई.

* अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
दीपक की हालत बिगड़ते देख उनके बेटे और रिश्तेदारों ने उन्हें तत्काल अमरावती जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया. चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण 2 अक्टूबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया. वलगांव पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर घटना की आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस थानेदार के मार्गदर्शन में मामले की जांच की जा रही है.

Back to top button