पार्टी में न बुलाने पर पिता-पुत्र की हत्या का प्रयास

फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के यशोदानगर गली नंबर-2 की घटना

अमरावती/दि.16 – भाई जेल से छूटने के बाद दी गई पार्टी में न बुलाने पर संतप्त हुए तीन युवकों ने पिता-पुत्र पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या करने का प्रयास किया. यह सनसनीखेज घटना फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के यशोदानगर गली नंबर-2 में घटित हुई. दोनों जख्मी पिता-पुत्र को अस्पताल में भर्ती किया गया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. हमले में घायल पिता-पुत्र का नाम मुकेश उर्फ देवेंद्र बागडे और अनिकेत देवेंद्र बागडे है. जबकि आरोपियों के नाम राज शेंडे (30), विशाल पाटिल (26) व एक अन्य है.
जानकारी के मुताबिक रविवार 14 जून की रात 11 बजे के दौरान अनिकेत बागडे यशोदा नगर स्थित अपने घर पर था तब राज शेंडे, विशाल पाटिल अपने एक अन्य साथी के साथ अनिकेत के घर के पास पहुंचे. उन्होंने अनिकेत को बाहर बुलाया, राज शेंडे ने अनिकेत से कहा कि, उसकी शादी हो गई और भाई जेल से छुटकर आ गया. इस निमित्त दी गई पार्टी में उसे नहीं बुलाया गया. इस बात पर से उपजे विवाद पर से राज शेंडे और विशाल पाटिल ने अनिकेत पर चाकू से हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया. दोनों आरोपी युवकों के तीसरे साथी ने उसे लाथोंघुसों से मारपीट कर धमकाया. उसी समय अनिकेत के पिता मुकेश बागडे बीचबचाव करने पहुंचे तब विशाल पाटिल ने उन्हें भी चाकू मारकर घायल कर दिया और तीसरे साथी ने भी अनिकेत के पिता पर चाकू से हमला कर हत्या करने का प्रयास किया. हमले के बाद तीनों आरोपी वहां से भाग गये. घटना की जानकारी मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल पहुंचा. अनिकेत बागडे के बयान के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपी युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (1), 118 (1), 351 (2), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button