जानलेवा हमले का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
दो नाबालिग भी हिरासत में

अमरावती/दि.16 – फ्रेजरपुरा पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है.
जानकारी के मुताबिक वेंकैयापुरा निवासी मुकेश गंगादीप कुशवाह (35) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून की रात करीब 10.45 से 11 बजे के बीच उनका बेटा चपरासीपुरा रोड स्थित जेल क्वार्टर के सामने खड़ा था. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार रिजवान खान उर्फ छोटू शमी खान तथा उसके साथ दो नाबालिग वहां पहुंचे और खर्च के लिए पैसे मांगने लगे. शिकायतकर्ता के अनुसार, पैसे देने से इनकार करने पर एक नाबालिग ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर युवक पर हमला कर दिया. हमले में युवक की छाती, पेट के दाएं और बाएं हिस्से तथा कमर के पीछे गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए फ्रेजरपुरा पुलिस की डीबी टीम तुरंत सक्रिय हुई. तकनीकी और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रिजवान खान उर्फ छोटू शमी खान (25) को विद्यापीठ क्षेत्र के पास से हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में दो नाबालिगों की शामिल रहने की बात स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को भी पकड़ लिया, जो कथित रूप से सुपर हाईवे की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे.
पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल न्यायालय में पेश किया गया. मामले की आगे की जांच जारी है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर तथा फ्रेजरपुरा पुलिस थाना प्रभारी रवींद्र राजुलवार के मार्गदर्शन में डीबी दल प्रमुख पीएसआई राहुल महाजन, हेड कांस्टेबल सुभाष पाटिल, जवान जयेश परिवाले, रोशन वर्हाडे, प्रशांत वानखडे, सागर चव्हाण, जावेद पटेल, दिनेश नेमाडे और चालक उमेश चुलपार के दल ने की.





