हृदयाघात से नहीं, दम घुटने से हुई थी फाजिला की मौत
फाजिला को गला घोटकर उतारा गया था मौत के घाट

* पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा होते ही नागपुर में हत्या का मामला दर्ज
* पति व जेठ गिरफ्तार, ससुराल फरार, तलाश जारी, मामले से मचा हडकंप
अमरावती/दि.19 – स्थानीय सौदागरपुरा से वास्ता रखनेवाली और नागपुर में ब्याही गई नवविवाहिता फाजिला जबीन की नागपुर स्थित उसके ससुराल में हुई संदेहास्पद मौत का मामला अब एक नये मोड पर पहुंच गया है. पहले फाजिला के ससुरालियों द्बारा दावा किया गया था कि फाजिला की मौत हृदयाघात के चलते हुई थी. लेकिन पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट में अनुमान जताया गया कि फाजिला की मौत गला दबाने और दम घुटने की वजह से होने का अनुमान हैं. हालाकि अभी मौत की वजह स्पष्ट होने के लिए अंतिम मेडिकल रिपोर्ट मिलने की प्रतीक्षा की जा रही है. वहीं प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर नागपुर शहर पुलिस आयुक्तालय की तहसील पुलिस ने सोमवार की शाम फाजिला जबीन के पति सहित उसके जेठ व ससुर के खिलाफ हत्या करने, हत्या के सबूत नष्ठ करने, जान से मारने की धमकी देने तथा पारिवारिक प्रताडना का मामला दर्ज करते हुए फाजिला के पति मोहम्मद जुबेर और जेठ मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार किया है. वहीं फाजिला का ससुर जलील शेख उर्फ संजु पटेल इस वक्त फरार है.. जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
बता दें कि स्थानीय नागपुरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत सौदागरपुरा की निवासी फाजिला जबीन का निकाह करीब 4 महीने पहले विगत 25 जनवरी को नागपुर के मोमीनपुरा स्थित गौरियापुरा निवासी मोहम्मद जुबेर के साथ हुई थी. अभी शादी को बमुश्किल चार महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि विगत शुक्रवार 15 मई को फाजिला के ससुराल वालों ने उसके मायके वालों को सूचना दी कि फाजिला की हदयाघात के चलते मौत हो गई है. यह सुनते ही फाजिला के मायकेवाले तुरंत हडबडाकर नागपुर पहुंचे. फाजिला के शव को अपने कब्जे में लेकर अमरावती लाते हुए उसकी दफन विधि की गई. परंतु दफन विधि करने से पहले फाजिला के परिजनों को फाजिला के गले पर रस्सी से बनी चोट के निशान दिखाई दिए. जिसके चलते उन्हें फाजिला की मौत को लेकर संदेह हुआ. जिसके चलते फाजिला के परिजनों ने नागपुरी गेट पुलिस थाने पहुंचकर ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और पूरे मामले की जानकारी दी गई. ऐसे में घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार की शाम नागपुरी गेट पुलिस के पथक ने वरिष्ठ अधिकारी के आवश्यक अनुमति प्राप्त करते हुए नायब तहसीलदार की उपस्थिति के बीच कब्रस्तान में दफन किए गये फाजिला के शव को कब्र से बाहर निकाला तथा डॉक्टरों के विशेष पथक द्बारा तुरंत ही ‘इन कैमरा’ पोस्टमार्टम किया गया. साथ ही इस समय पोस्टमार्टम के बाद कुछ महत्वपूर्ण अवयवों को फॉरेन्सिक जांच के लिए भी भेजा गया. जिसके उपरांत रात में ही फाजिला के शव को दोबारा कब्रस्तान ले जाकर कब्र में दफन कर दिया गया.
इसके पश्चात सोमवार को सामने आयी पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि फाजिला की मौत गला दबाने की वजह से हुई थी. जिसके चलते अनुमान जताया गया कि संभवत: किसी रस्सी से फाजिला का गला घोटा गया. जिससे उसकी सांस रूक गई और उसकी मौत हो गई. यह रिपोर्ट मिलते ही नागपुरी गेट पुलिस ने तमाम जरूरी दस्तावेज तुरंत ही नागपुर की तहसील पुलिस को सौंपे. जहां पर मृतका के भाई मोहम्मद अवैस अब्दुल हसन की शिकायत के आधार पर नागपुर तहसील पुलिस ने मृतका के पति मो. जुबेर मो. जलील, जेठ मो. इरफान मो. जलील व ससुर मो. जलील शेख उर्फ संजु पटेल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए पति मो. जुबेर व जेठ मो. इरफान को तुरंत ही गिरफ्तार किया. वहीं ससुर मो. जलील शेख उर्फ संजु पटेल फिलहाल फरार है. जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
* नागपुरी गेट पुलिस ने दिखाई शानदार तत्परता
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि इस मामले में अमरावती की नागपुरी गेट पुलिस ने जबर्दस्त गंभीरता, सक्रीयता व तत्परता दिखाई है. जिसके तहत शनिवार को दफन किए गये शव को 24 घंटे के भीतर कब्र से बाहर निकालते हुए उसका पोस्टमार्टम करवाने और हत्या की आशंका के मद्देनजर तुरंत कानूनी प्रक्रिया को पूरा करवाने जैसे कामों को बेहद फूर्ति के साथ निपटाया गया. जिसके चलते फाजिला के ससुरालियों द्बारा रचे गये षडयंत्र का खुलासा हो सका. जिसके बाद तुरंत ही नागपुर के तहसील पुलिस थाने से संपर्क कर वहां के अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी गई. जिसके चलते हत्या का अपराध दर्ज होने के साथ ही दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो गई.
फाजिला की अंतिम फोन कॉल का ऑडियो वायरल
इस मामले में फाजिला जबीन और उसके मां के बीच आखरी बार फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकार्डिंग इस समय सोशल मीडिया पर जबरदस्त ढंग से वायरल हो रही है. जिसमें फाजिला अपने साथ पेश आ रही दुश्वारियों का जिक्र करते हुए अपनी मां से यह कहती सुनाई दे रही है कि उसे उसके भाई के एक- एक आंसू याद है. भाई ने काफी मुश्किले उठाकर उसकी शादी करवाई है. जिसे याद रखते हुए वह फिलहाल सारी परेशानियां खुद सहन कर रही है. साथ ही फाजिला ने इस बातचीत में यह भी कहा था कि सही समय आने पर वह सारी बातें खुलकर बतायेंगी. लेकिन अफसोस वाली बात है कि वह सही समय आने से पहले ही फाजिला इस दुनिया से रूख्सत हो गई.
* मायके वालों ने लगाए बेहद गंभीर व सनसनीखेज आरोप
फाजिला जबीन के भाई मो. अवैस द्बारा नागपुर के तहसील पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में ससुराल वालों पर फाजिला को दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडित करने का आरोप लगाने के साथ ही बेहद गंभीर व सनसनीखेज आरोप भी लगाए हैं. जिसमें कहा गया है कि फाजिला का जेठ उस पर गलत नजर व गंदी नियत रखा करता था. जेठ मो. इरफान की पत्नी गर्भवती रहने के चलते अपने मायके गई हुई थी. जिसका फायदा उठाते हुए इरफान लगातार फाजिला पर अपने साथ अनैतिक संबंध बनाने हेतु दबाव डाल रहा था. जिससे इंकार किए जाने के चलते फाजिला पर और भी अधिक जुल्म ढाए जा रहे थे और अंत में उसे रस्सी से गला घोटकर मौत के घाट उतार दिया गया. ऐसे में घटना के तथ्यों एवं दर्ज शिकायत के आधार पर और नागपुर की तहसील पुलिस द्बारा हत्या का अपराध दर्ज करते हुए दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है. साथ ही तीसरे आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
* फाजिला जबीन मृत्यु मामले में फिर्यादी पक्ष की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर दो लोगों को जांच और पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. वहीं तीसरे आरोपी की तलाश जारी है. जांच पूरी होने के उपरांत इस मामले से जुडा सच सामने आयेगा.
सुनील मेंढे, थानेदार,
तहसील पुलिस स्टेशन,
नागपुर फाजिला जबीन की दफन विधि के बाद उसके परिजनों ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. ऐसे में मामले की गंभीरता को देखते हुए हमने तमाम कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के साथ कब्र को खोदकर शव को बाहर निकलवाया और उसका डॉक्टरों के विशेष पथक द्बारा तुरंत ही इन कैमरा पोस्टमार्टम करवाया गया. जिसके बाद शव को एक बार फिर पूरे धार्मिक रितिरिवाज के साथ दफान कर दिया गया. वहीं अगले दिन सुबह पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट के सामने आते ही मामले से जुडे सभी दस्तावेज नागपुर की तहसील पुलिस को सौंप दिए गये. जिसके बाद मृतक फाजिला जबीन के पिता अब्दुल हसन व भाई मो. अवैस तुरंत ही नागपुर के लिए रवाना हुए. जहां पर उन्होंने नागपुर के तहसील पुलिस थाने में जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई. जिसके आधार पर नागपुर की तहसील पुलिस ने मृतका के पति व जेठ को हिरासत में लिया हैं. ऐसी जानकारी है.
हनुमान उरलागोंडावार
थानेदार, नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन, अमरावती





