सोने की त्यौहारी बुकिंग शुरु
दिवाली तक रेट पौने दो लाख होने की संभावना

* घरेलू डिमांड बढने की भी पूरी उम्मीद
अमरावती/दि.5 – सराफा बाजार में आगामी त्यौहारी सीजन के लिए पीली कीमती धातु सोने की बुकिंग शुरु हो गई है. चांदी में भी अच्छी-खासी ग्राहकी की आशा स्थानीय ज्वेलर्स आगामी दिनों में कर रहे हैं. ज्वेलर्स ने बताया कि, खाडी युद्ध की आशंका कम होने के साथ वैश्विक स्तर पर सोने के दाम फिर बढ सकते हैं. इतना ही नहीं, तो दिवाली तक रेट 1 लाख 75 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम होने की संभावना को देखते हुए घरेलू डिमांड बढने की पूरी संभावना बताई जा रही है.
* डेढ माह पहले
हमेशा दशहरा-दिवाली की त्यौहारी खरीदी की बुकिंग गणेशोत्सव से की जाती है. अमरावती के ज्वेलर्स पीवर सोने अर्थात कैडबरी के लिए जलगांव, मुंबई, अहमदाबाद, राजकोट में ऑडर्स लिखाते हैं. इस बार परिस्थितियां अलग होने से अपेक्षाकृत जल्दी सोना और चांदी दोनों ही धातु की बुकिंग कराई जा रही है.
* बुकिंग की मुख्य वजह
अमरावती मंडल ने सराफा विशेषकर प्रमुख ज्वेलर्स से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि, गत जनवरी की तुलना में आज सोने के प्रति 10 ग्राम रेट 1 लाख 40-42 हजार है. निश्चित ही यह रेट आगामी दिनों की तेजी की संभावना को देखते हुए खरीदी के लिए उपयुक्त मानी जा रही है. जनवरी में सोना 2 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पास पहुंच गया था. अभी उसके रेट डेढ लाख से कम होने के साथ फायदे का सौदा बताया जा रहा है. अधिकांश ज्वेलर्स संभावना जता रहे है कि, आनेवाले दिनों में सोना एक बार फिर 1.75 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम की रेंज पार कर सकता है.
* मध्यम वर्ग का बजट पर जोर
प्रमुख ज्वेलर्स ने बताया कि, मध्यम वर्ग अपने बजट में स्वर्णाभूषण खरीदी पर बल दे रहा है. अब हालात काफी बदल गए हैं. 24 और 22 कैरेट दोनों ही प्रकार की रेंज में मध्यम वर्ग खरीदी कर रहा है. आगामी दिनों में रिटेल में सोने और चांदी के गहनों की डिमांड बढना तय है. थोडा खरीदी का ट्रेंड चेंज हुआ है. 18 कैरेट और 9 कैरेट की गोल्ड ज्वेलरी भी डिमांड में है. ऐसे गहने केवल रोजमर्रा के उपयोग के लिए खरीदे जा रहे है. निवेशक अभी दोबारा सराफा अर्थात कीमती धातु खरीदी के रुझान में नहीं आए है.





