फिंगरप्रिंट मैच नहीं हो रहा? अब आधार ओटीपी से पाएं एनसीएमसी कार्ड
एसटी ने रजिस्ट्रेशन और वितरण प्रक्रिया में किए बदलाव

कार्ड नहीं मिलने पर क्यूआर रसीद से भी मिलेगी रियायती टिकट
भीम ऐप से कर सकेंगे रिचार्ज
अमरावती/दि.30 – महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल ने एनसीएमसी कार्ड के पंजीयन और वितरण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं. अब बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने पर यात्रियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है. ऐसे यात्रियों का पंजीयन आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी के माध्यम से किया जा सकेगा. यह सुविधा 21 सितंबर से शुरू कर दी गई है.
एसटी ने महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, अमृत वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न रियायती श्रेणी के यात्रियों के लिए एनसीएमसी कार्ड व्यवस्था लागू की है. रियायती यात्रा के लिए एनसीएमसी कार्ड को अनिवार्य किया जा रहा है. हालांकि, कार्ड के पंजीयन, बायोमेट्रिक सत्यापन और वितरण में आ रही तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए प्रक्रिया में बदलाव किए गए हैं.
* फिंगरप्रिंट की समस्या पर ओटीपी का विकल्प
एनसीएमसी कार्ड के लिए पहले बायोमेट्रिक के माध्यम से पंजीयन किया जाता था. लेकिन कई यात्रियों के फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने के कारण उनका पंजीयन अटक रहा था. अब ऐसे मामलों में आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजकर सत्यापन किया जाएगा और इसके आधार पर पंजीयन पूरा किया जा सकेगा. इस बदलाव से बायोमेट्रिक समस्या के कारण पंजीयन में देरी का सामना कर रहे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
* कार्ड खो गया तो 199 रुपये में नया कार्ड
अगर किसी यात्री का एनसीएमसी कार्ड खो जाता है या चोरी हो जाता है, तो पुराने कार्ड को ब्लॉक कराया जा सकेगा. इसके बाद 199 रुपये का शुल्क देकर नया एनसीएमसी कार्ड प्राप्त किया जा सकेगा.
* कार्ड नहीं मिला तो क्यूआर रसीद से मिलेगी रियायती टिकट
कई यात्रियों का एनसीएमसी कार्ड पंजीकृत हो चुका है, लेकिन उन्हें अभी तक भौतिक कार्ड प्राप्त नहीं हुआ है. ऐसे यात्रियों को क्यूआर कोड वाली रसीद दी जाएगी. एसटी की ईटीआईएम मशीन पर रसीद पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करने के बाद रियायती टिकट जारी की जा सकेगी. यह रसीद 30 दिनों तक वैध रहेगी. यानी कार्ड हाथ में नहीं आने तक भी पात्र यात्री रियायत का लाभ ले सकेंगे.
* भीम ऐप से भी कर सकेंगे कार्ड रिचार्ज
एनसीएमसी कार्ड को रिचार्ज करने के लिए अब यात्रियों को हर बार काउंटर की कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी. कार्ड के पीछे दिए गए क्यूआर कोड को भीम ऐप के माध्यम से स्कैन कर कार्ड में राशि का टॉप-अप किया जा सकेगा.
* तकनीकी दिक्कतों के कारण बदली प्रक्रिया
एनसीएमसी कार्ड व्यवस्था लागू होने के शुरुआती दौर में यात्रियों को बायोमेट्रिक सत्यापन, कार्ड वितरण और एक्टिवेशन को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ा था. इन तकनीकी और प्रक्रिया संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए एसटी ने पंजीयन और कार्ड वितरण व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए हैं.
* एनसीएमसी कार्ड आवश्यक
एसटी में रियायती यात्रा के लिए एनसीएमसी कार्ड आवश्यक है. रियायत के पात्र यात्रियों को अपना एनसीएमसी कार्ड प्राप्त कर समय पर प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए, ताकि रियायती यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो.
– सचिन क्षीरसागर, मंडल नियंत्रक.





