अमरावती में फिशरीज हब परियोजना को मिली रफ्तार

मनपा में हुई महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

अमरावती /दि.27– अमरावती में प्रस्तावित अत्याधुनिक फिशरीज हब परियोजना को लेकर मंगलवार, 26 मई को महानगरपालिका कार्यालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता विभागीय आयुक्त नयना गुंडे, जिलाधिकारी आशीष येरेकर तथा मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने की. बैठक में परियोजना के तकनीकी, प्रशासनिक और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. फिशरीज हब के नोडल अधिकारी एवं पशुशल्य चिकित्सक डॉ. सचिन बोंद्रे ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की पूरी कार्यप्रणाली और उपलब्ध कराई जाने वाली आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी.
* मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
प्रस्तावित फिशरीज हब में शीतगृह व्यवस्था, मछली प्रक्रिया केंद्र, वैज्ञानिक भंडारण प्रणाली, स्वच्छता प्रबंधन, आधुनिक मार्केटिंग सुविधा और अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा. इससे मत्स्य व्यवसाय को आधुनिक स्वरूप मिलने की उम्मीद जताई गई.
* रोजगार के नए अवसर
अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना से जिले के मछली व्यवसाय को बड़ा बढ़ावा मिलेगा. स्थानीय मछली विक्रेताओं, मत्स्य उत्पादकों, छोटे उद्यमियों और युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मत्स्य व्यवसाय को अधिक सक्षम और संगठित बनाने में यह परियोजना अहम भूमिका निभाएगी.
* बेहतर बाजार और सुरक्षित उत्पाद
फिशरीज हब के माध्यम से मछली उत्पादन का वैज्ञानिक तरीके से संग्रहण, प्रक्रिया और बिक्री आसान होगी. इससे ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता और सुरक्षित मत्स्य उत्पाद मिल सकेंगे. साथ ही उत्पादकों को बेहतर बाजार भाव मिलने की संभावना भी व्यक्त की गई.
* आधारभूत सुविधाओं पर चर्चा
बैठक में परियोजना के लिए आवश्यक जमीन, आधारभूत ढांचा, निधि नियोजन, विभागीय समन्वय, पर्यावरणीय पहलू और भविष्य की विस्तार योजना पर भी चर्चा हुई. वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए. बैठक में अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, शिल्पा नाईक सहित मत्स्य व्यवसाय विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.

Back to top button