पहली बार अमरावती पुलिस कमिश्नरेट में बना ‘एंटी-गुंडा स्क्वॉड’

तड़ीपार और हिस्ट्रीशीटरों पर शिकंजा

* एक सप्ताह में हथियारबंद आरोपियों समेत कई लोगों पर कार्रवाई
अमरावती/दि.22 – शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अमरावती पुलिस आयुक्तालय में पहली बार ‘एंटी-गुंडा स्क्वॉड’ का गठन किया गया है. यह विशेष दल पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके के नेतृत्व में काम कर रहा है.
यह स्क्वॉड जोन-1 के छह पुलिस थानों-गाडगे नगर, फ्रेजरपुरा, नागपुरी गेट, नांदगांव पेठ, बडनेरा और वलगांव के क्षेत्र में सक्रिय रहेगा. दल का प्रमुख उद्देश्य फरार आरोपियों, तड़ीपार आरोपियों और पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज अपराधियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना है.

* छह थानों में निगरानी
एंटी-गुंडा स्क्वॉड की कमान पुलिस उपनिरीक्षक मिलिंद हिवरे को सौंपी गई है. हिवरे वर्तमान में फ्रेजरपुरा पुलिस थाने में कार्यरत हैं. उनके साथ हवलदार सुभाष पाटिल, सतीश पराले, मतीन शेख, सतीश देशमुख और चंद्रकांत जनबंधु टीम में शामिल हैं. यह दल सीधे पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके को रिपोर्ट करेगा.

* एक सप्ताह में कई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक 12 से 20 सितंबर के दौरान स्क्वॉड ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई की. नागपुरी गेट और नांदगांव पेठ पुलिस थाना क्षेत्र में हथियारों के साथ दहशत फैलाने के आरोप में दो आरोपियों को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा, शहर में प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन कर घूम रहे पांच लोगों को गाडगे नगर और बडनेरा पुलिस थाना क्षेत्रों में हिरासत में लिया गया.

* ‘छोटा डॉन’ पर एमपीडीए की कार्रवाई
सोमवार को श्रावण बनारसे उर्फ ‘छोटा डॉन’ को गिरफ्तार किया गया. बाद में उसे एमपीडीए के तहत आगे की कार्रवाई के लिए फ्रेजरपुरा पुलिस के सुपुर्द किया गया.

* अपराधियों पर लगातार नजर
पुलिस का कहना है कि एंटी-गुंडा स्क्वॉड के माध्यम से ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी, जिनके खिलाफ पहले से आपराधिक रिकॉर्ड हैं या जो प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद सक्रिय पाए जाते हैं. पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करना और नागरिकों में सुरक्षा की भावना कायम रखना प्राथमिकता है. एंटी-गुंडा स्क्वॉड के माध्यम से अपराधियों पर लगातार निगरानी रखते हुए उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button