पूर्व मंत्री बच्चू कडू को मिली अग्रिम जमानत

अचलपुर के अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने दी राहत

* विधायक प्रवीण तायडे के चचेरे भाई को जान से मारने की योजना बनाने का था आरोप
* न्या. सागर पाटिल की अदालत में लंबी चली जिरह, एड. महेश देशमुख ने की प्रभावी पैरवी
* बच्चू कडू सहित अन्य दो लोग भी मामले में हुए थे नामजद, जिलेभर में मचा था जबरदस्त हडकंप
अमरावती/दि.14- पूर्व मंत्री बच्चू कडू को आज उस समय बडी राहत मिली, जब अचलपुर के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सागर पाटिल की अदालत ने पूर्व मंत्री बच्चू कडू को अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक प्रवीण तायडे के चचेरे भाई अभिजीत तायडे को किसी सडक हादसे में जान से मार देने की योजना बनाने को लेकर दर्ज अपराधिक मामले में गिरफ्तारीपूर्व जमानत दी. इसे पूर्व मंत्री बच्चू कडू के लिए काफी बडी राहत माना जा रहा है.
बता दें कि, कुछ दिन पहले ही विधायक प्रवीण तायडे ने चांदुर बाजार पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी और एक ऑडियो क्लिप पेश करते हुए आरोप लगाया था कि, इस ऑडियो क्लिप में पूर्व मंत्री बच्चू कडू तथा उनके दो सहयोगियों की आवाजे दर्ज है, जो पूर्व मंत्री बच्चू कडू के कुरलपूर्णा स्थित आवास पर बैठकर विधायक प्रवीण तायडे के चचेरे भाई अभिजीत तायडे को किसी सडक हादसे में जान से मार देने की योजना बना रहे थे. जिसके लिए यवतमाल से वास्ता रखनेवाली किसी टिप्पर गैंग का सहारा लिया जाना था. इस आरोप एवं ऑडियो क्लिप के सामने आते ही पूरे जिलेभर की राजनीति में जबरदस्त हडकंप व्याप्त हो गया था. जिसके बाद विधायक प्रवीण तायडे ने इस विषय को लेकर बाकायदा एक पत्रवार्ता भी बुलाते हुए विस्तार के साथ जानकारी दी थी एवं पूर्व मंत्री बच्चू कडू को लेकर और भी सनसनीखेज आरोप लगाए थे. जिसके चलते जिलेभर में राजनीतिक वातावरण अच्छा-खासा तपा रहा. वहीं पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने इसे अपने खिलाफ एक राजनीतिक साजिश बताया था और माउंट एवरेस्ट के बेस्ट कैम्प से वापिस आने के बाद इस मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देने की बात कही थी. इसी दौरान पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने अपने वकील एड. महेश देशमुख के जरिए इस मामले में अग्रिम जमानत मिलने हेतु अचलपुर के अतिरिक्त जिला व सत्र न्यायालय में याचिका भी दायर की थी. जहां पर न्या. सागर पाटिल के समक्ष आज काफी लंबी सुनवाई हुई. इस दौरान दोनों पक्षों का युक्तिवाद सुनते हुए अदालत ने पूर्व मंत्री बच्चू कडू को इस मामले में अग्रिम जमानत देना मंजूर किया. जिसे पूर्व मंत्री बच्चू कडू के लिए काफी बडी राहत माना जा रहा है.

Back to top button