बडनेरा के शेख कासीम हत्याकांड में और 4 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की संख्या हुई पांच, अंसार खान 4 तक रिमांड पर

* चाकू, लोहे की पट्टियों और लकड़ी के डंडों से किया वार
* देशी शराब की दुकान में हंगामे के बाद घेरकर किया हमला
* घटना के सीसीटीवी फूटेज वायरल
अमरावती/दि.1 – बडनेरा शहर के शिवाजी चौक स्थित देशी शराब की दुकान में रविवार 30 अगस्त की शाम हुए हमले के बाद अमरावती के गुलिस्ता नगर निवासी शेख कासीम की हुई हत्या के मामले में बडनेरा पुलिस ने और 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस हत्याकांड में अब गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 5 हो गई है. इस सनसनीखेज हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें शराब की दुकान के भीतर विवाद के बाद युवकों पर हमला किए जाने की घटना कैद हुई है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बडनेरा के लकडगंज निवासी अन्सार खान रोशन खान (40), इरफान खान रोशन खान (35), मोहम्मद जिया मोहम्मद सलीम (22), कुरैशी नगर निवासी अब्दुल अरबाज अब्दुल अतिक (22) और फराज खान यूनुस खान (25) का समावेश है.
बता दें कि, रविवार 30 अगस्त की शाम करीब 4 बजे बडनेरा शहर के नई बस्ती स्थित शिवाजी चौक के पास राहुल प्रकाश श्रृंगारे की देशी शराब की दुकान में यह घटना हुई. शराब की दुकान में हुए विवाद और हंगामे के बाद आरोपियों ने दो युवकों को घेर लिया और उन पर लाठी, चाकू तथा लोहे के रॉड से हमला कर दिया था. घटना से पहले शिकायतकर्ता शाहजेब मिया को मृतक शेख कासिम ने फोन किया था. कासिम ने बताया था कि वह बडनेरा में अपनी मौसी के यहां आ रहा है. इसके बाद शिकायतकर्ता राजकमल चौक पहुंचा. इसी दौरान मामले में गंभीर रूप से घायल हुए शोहेब शाह उर्फ गुड्डू सरदार शाह का फोन आया. शोहेब ने फोन पर बताया कि बडनेरा के आठवड़ी बाजार क्षेत्र स्थित देशी शराब की दुकान पर उसका झगड़ा हुआ है और उसे वहां आने के लिए कहा. इसके बाद शिकायतकर्ता मृतक शेख कासिम और शेख अरबाज बडनेरा के कुरेशी नगर पहुंचे. वहां से शोहेब शाह उर्फ गुड्डू को साथ लेकर चारों लोग देशी शराब की दुकान की ओर रवाना हुए, चारों युवक करीब शाम 4 बजे शिवाजी चौक स्थित देशी शराब की दुकान में पहुंचे. इसी दौरान दुकान के भीतर विवाद बढ़ गया, शोहेब शाह उर्फ गुड्डू सरदार शाह और मृतक शेख कासिम ने वहां गिरी हुई कांच की बोतलें फोड़ दी. यह देखकर दुकान के काउंटर पर मौजूद आरोपी अन्सार खान रोशन खान ने अपने साथियों को बुलाया. इसके बाद कुछ ही समय में बुलाने पर इरफान खान रोशन खान, जिया, फराज समेत अन्य युवक दुकान के भीतर पहुंच गए.
आरोपियों के पास चाकू, लोहे की पट्टियां और लकड़ी के डंडे थे. इसके बाद दोनों युवकों को घेर लिया गया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई. कासिम और गंभीर रूप से घायल शोहेब शाह उर्फ गुड्डू आरोपी अन्सार खान ने लकड़ी के डंडे से मृतक शेख के सिर पर वार किया, वहीं आरोपी खान ने शोहेब शाह के पेट पर वार किया. इस घटना से परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हमले में शेख कासिम शेख शकीम और शोहेब शाह उर्फ गुड्डू सरदार शाह गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान शेख कासिम की मौत हो गई, जबकि शोहेब शाह उर्फ गुड्डू की हालत गंभीर बताई जा रही है और उस पर उपचार जारी है. घटना के बाद पुलिस ने शराब की दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की. इसी दौरान घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सामने आया.
फुटेज में दुकान परिसर में विवाद और उसके बाद युवकों पर हमला किए जाने की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही है. शेख कासिम की मौत के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर बडनेरा थाने में 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया. पुलिस ने अंसार खान को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया. पश्चात उसे न्यायालय में पेश कर 4 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है. अंसार खान की गिरफ्तारी के बाद बडनेरा के थानेदार हनमंत उरलागोंडावार के नेतृत्व वाले दल ने 4 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम इरफान खान रोशन खान, फराज खान युनूस खान, अब्दूल अरबाज अब्दूल अतीक और मो. जिया मो. सलीम है. इस तरह शेख कासीम हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 5 हो गई है. फरार अन्य तीन आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है.





