कार पलटने से चार लोग गंभीर रुप से घायल
अग्रवाल पेपर मिल के सामने हादसा

बाजारगांव /दि.20- नागपुर-अमरावती राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाजारगांव स्थित अग्रवाल पेपर मिल के सामने शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में एक चारपहिया वाहन पलट गया, जिससे उसमें सवार चार लोग घायल हो गए. गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.
जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस द्वारा राजमार्ग पर वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान एक कार को जांच के लिए रोका गया था. तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने अचानक तेज कट मार दिया, जिससे कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. अनियंत्रित कार सड़क पर लगाए गए बैरिकेड से जा टकराई और पलट गई. हादसे में कार में सवार चार लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. मामले की जांच जारी है तथा ट्रक चालक की तलाश की जा रही है.





